मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में दर्दनाक हादसा पेश आया है। सुंदरनगर-करसोग मार्ग पर बीते कल देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना के बाद बेहली गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है।
हादसे में युवक की मौत
यहां औकल के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौके पर गंभीर चोटें आने के कारण जान चली गई, जबकि उसके साथ सफर कर रहा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें- सावाधान हिमाचल! अगले 6 दिन जमकर बरसेंगे बादल, कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट
गांव लौट रहे थे दोनों दोस्त
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक रोज की तरह सुंदरनगर से अपने गांव बेहली लौट रहे थे। वे स्थानीय किसानों की ताजा सब्जियों को सुंदरनगर और निहरी की मंडियों तक पहुंचाने का काम करते थे और इसी से अपनी आजीविका चलाते थे।
गहरी खाई में गिरी पिकअप
दिनभर का काम पूरा करने के बाद देर रात वे पिकअप वाहन से घर लौट रहे थे। जब उनका वाहन सुंदरनगर-करसोग मार्ग पर औकल के पास पहुंचा तो अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया। इससे पहले कि कोई संभल पाता, पिकअप सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी।
यह भी पढ़ें- HP शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला : मिड-डे मील में नहीं होगा भेदभाव- रोल नंबर अनुसार बैठेंगे बच्चे
एक की मौत, दूसरा घायल
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। अंधेरे और कठिन परिस्थितियों के बावजूद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद दोनों युवकों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
एक ही गांव हैं दोनों
अस्पताल में चिकित्सकों ने 24 वर्षीय पुष्पराज पुत्र घनश्याम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 23 वर्षीय धर्मेंद्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल युवक का इलाज जारी है और उसकी स्थिति में पहले की तुलना में सुधार है। फिलहाल वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के 25 वर्षीय युवक की सर्बिया में मौ.त : माता-पिता को दोस्तों से फोन पर मिली खबर
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों युवक मेहनती, जिम्मेदार और मिलनसार स्वभाव के थे। वे क्षेत्र के किसानों की उपज समय पर मंडियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे। पुष्पराज की अचानक हुई मौत से उसके परिवार पर गहरा दुख टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और बड़ी संख्या में लोग शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ वाहन की स्थिति का भी जायजा लिया है। प्रारंभिक स्तर पर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : कार के डैशबोर्ड से मिला ढेर सारा चिट्टा- पंजाबी युवती समेत छह युवक गिरफ्तार
कैसे पेश आया हादसा?
DSP सुंदरनगर भारत भूषण ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
