ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में सोमवार को एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया। बंगाणा क्षेत्र के पास हरियाली में श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के अचानक पलट जाने से मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में बच्चों और महिलाओं सहित कई लोग घायल हो गए] जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बाबा बालक नाथ ना रहे थे श्रद्धालु

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा के नारायणगढ़ से श्रद्धालुओं का एक जत्था धार्मिक यात्रा पर निकला था। श्रद्धालु पीर निगाह मंदिर में माथा टेकने के बाद बाबा बालक नाथ (दियोटसिद्ध) और शाहतलाई की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बंगाणा के समीप हरियाली क्षेत्र में पहुंचते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

 

यह भी पढ़ें : कर्ज में डूबा हिमाचल... सुक्खू सरकार ने विज्ञापनों पर लुटा दिए करोड़ों रुपए, बजट सत्र में खुलासा

पल भर में मची चीख-पुकार

हादसा इतना अचानक हुआ कि सवार श्रद्धालुओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला। ट्रॉली पलटते ही कई लोग उसके नीचे दब गए और चारों ओर चीख-पुकार गूंज उठी। घटना को देखकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

स्थानीय लोगों ने बचाई जानें

राहगीरों और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को ट्रॉली के नीचे से बाहर निकाला और तत्काल मदद पहुंचाई। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया।

 

यह भी पढ़ें : नया पद मिलते ही नीरज भारती ने किया 'धमाका', आभार संदेश से CM का नाम गायब, वजह भी बताई

कई घायल, एक की हालत गंभीर

डॉक्टरों के अनुसार, हादसे में करीब 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद एक गंभीर रूप से घायल श्रद्धालु को बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में यातायात सुरक्षा और ओवरलोडिंग जैसे मुद्दों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें