सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में दर्दनाक हादसों का सिलसिला जारी है। पिछले दो से तीन दिन में प्रदेश में कई ह्रदय विदारक हादसे हुए हैं। जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। ऐसा ही एक हादसा हिमाचल के सिरमौर जिला में हुआ है। यहां एक टेंपो ट्रेवलर में अचानक आग लग गई। इस आगजनी में एक व्यक्ति जिंदा जल गया है। यह हादसा मंगलवार और बुधवार की रात को हुआ।
टेंपो ट्रैवलर में भड़की आग, जिंदा जला चालक
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रात को सिरमौर जिला के उपमंडल राजगढ़ के तहत आते यशवंतनगर के पास सड़क किनारे खड़े एक टेंपो ट्रैवलर में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयानक थी, कि अंदर सो रहे चालक को बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिला और चालक जिंदा ही जल गया। मृतक चालक की पहचान 37 वर्षीय सलीम मुहम्मद निवासी मसली गांव, रोहड़ू शिमला के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: दो मासूमों की उजड़ी दुनिया, आंखों के सामने माता-पिता की गई जा*न
मरम्मत के लिए मनीमाजरा लेकर जा रहा था चालक
सूत्रों के अनुसार सलीम ट्रैवलर (HP 01-9091) को मनीमाजरा मरम्मत के लिए लेकर जा रहा था। देर रात रास्ते में उसने वाहन को सनौरा-सोलन मार्ग पर किनारे खड़ा किया। बताया जा रहा है कि वह या तो वाहन के अंदर सो गया था या किसी तकनीकी खराबी की जांच कर रहा था] तभी वाहन में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि सलीम को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। राहगीरों ने धधकते वाहन को देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। राजगढ़ पुलिस टीम मौके पर पहुंची] लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : भाई दूज पर घर पहुंची जवान बेटों की अर्थियां, दो परिवारों में मची चीख-पुकार
एफएसएल टीम ने किया मुआयना
बुधवार सुबह फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल राजगढ़ में रखा है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में फिर बदला मौसम का मिज़ाज, ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और बारिश से बढ़ी ठंड
डीएसपी वीसी नेगी ने बताया कि मृतक के परिजनों और वाहन मालिक शेर सिंह के बयान दर्ज किए गए हैं। डीएनए सैंपल भी लिए गए हैं ताकि शव की वैज्ञानिक रूप से पहचान सुनिश्चित की जा सके। वाहन मालिक ने बताया कि मंगलवार शाम करीब छह बजे आखिरी बार सलीम से बात हुई थी, तब वह नेरीपुल के पास था। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया और रात में हादसे की सूचना मिली।
यह भी पढ़ें: सुधीर शर्मा ने CM सुक्खू को बताया "कार्टून" स्केच साझा कर विवादों में घिरे, FIR की मांग
मौत जो सवाल छोड़ गई
सलीम मुहम्मद अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था। वह मंगलवार सुबह रोज़ की तरह घर से निकला था, यह सोचकर कि वाहन की मरम्मत कराकर वापस लौट आएगा। लेकिन किसे पता था कि यह उसका आख़िरी सफर होगा। अब सलीम का जलता हुआ वाहन सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि एक चेतावनी है कि हिमाचल की सड़कों पर सुरक्षा इंतज़ामों और वाहन निगरानी व्यवस्था की गंभीर समीक्षा ज़रूरी है।
