#यूटिलिटी

October 22, 2025

हिमाचल में फिर बदला मौसम का मिज़ाज, ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और बारिश से बढ़ी ठंड

IMD ने जारी किया अलर्ट

शेयर करें:

IMD Weather Forecast

शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। बीती रात से ही राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहे और देर रात से हल्की से मध्यम बारिश का दौर शुरू हो गया। कुल्लू, मनाली, लाहौल-स्पीति, चंबा और किन्नौर जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की ताजा खबरें आई हैं।

पर्यटकों के खिले चेहरे

कुल्लू और मनाली में देर रात हुई हल्की बारिश के बाद मौसम पूरी तरह बदल गया। मनाली के सोलंगनाला, गुलाबा और रोहतांग दर्रे के पास के इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है। बर्फ की सफेद चादर ओढ़े पहाड़ों को देखकर पर्यटकों के चेहरे खिल उठे हैं। स्थानीय होटल व्यवसायियों के मुताबिक, इस बर्फबारी से सर्दियों के पर्यटन सीजन की शुरुआती उम्मीदें जग गई हैं।

 

यह भी पढ़ें: सुक्खू सरकार का व्यवस्था परिवर्तन! दिव्यांगजनों की अब साल में दो बार होंगी भर्ती, बदले नियम

 

निचले क्षेत्रों में बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। आज यानि बुधवार सुबह जैसे ही सूरज बादलों के बीच झांकने की कोशिश कर रहा था, पहाड़ों पर सफेद बर्फ की परत चमक रही थी, जिसने नज़ारों को बेहद खूबसूरत बना दिया।

लाहौल और किन्नौर में भारी ठंड

जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में मंगलवार तड़के शुरू हुई बर्फबारी लगातार जारी रही, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। बारालाचा, कुंजम और रोहतांग दर्रे के पास सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं। प्रशासन ने लोगों को बिना जरूरी काम के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी है। वहीं किन्नौर में भी कई स्थानों पर हल्की बर्फबारी और बारिश हुई है, जिससे तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने पहले ही 21 अक्टूबर के लिए अलर्ट जारी किया था, जिसमें ऊंचे इलाकों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी गई थी। विभाग के अनुसार, 22 और 23 अक्टूबर को भी राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल में बर्फबारी का कहर : हिमस्खलन की चपेट में आने से एक साथ निकले, 250 के प्राण- जानें

 

खासकर लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू के ऊंचे क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है। वहीं कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं।

24 अक्टूबर से सुधरेगा मौसम

मौसम विभाग ने बताया कि 24 अक्टूबर से हिमाचल में मौसम सामान्य होने की उम्मीद है। फिलहाल, पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ने लगी है और तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख