शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली में निर्माणाधीन भवन से गिरी ईंट के कारण नौवीं कक्षा के छात्र तनिष कौशल की मौत मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। भवन मालिक की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने ठेकेदार और मिस्त्री को भी हिरासत में लिया है।

पुलिस ने ठेकेदार और मिस्त्री को किया अरेस्ट

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 32 वर्षीय ठेकेदार अवनीत निवासी कोटली (मंडी) और 47 वर्षीय मिस्त्री मोहम्मद इकबाल निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बता दें कि यह दर्दनाक हादसा 29 अप्रैल को हुआ था। 14 वर्षीय तनिष कौशल स्कूल से छुट्टी के बाद अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान संजौली क्षेत्र में एक निर्माणाधीन भवन से अचानक ईंट नीचे गिरी और सीधे उसके सिर पर जा लगी। गंभीर चोट लगने के बाद तनिष सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में स्मार्ट मीटर की आरती उतारकर जताया विरोध: बंद पड़ी दुकान का आया 22 हजार बिल, विभाग मौन

11 दिन तक लड़ता रहा जंग

उसे तुरंत आईजीएमसी शिमला पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे आईसीयू में भर्ती किया। परिवार के अनुसार बच्चे को बचाने के लिए 11 यूनिट खून तक चढ़ाया गया, लेकिन 11 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद रविवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: प्रेमी के सामने युवती को कुच.ल फरार हुआ वाहन, पंजाब से भागकर शादी करने आए थे

सुरक्षा इंतजामों में भारी लापरवाही

हादसे के बाद तनिष की मां और परिजनों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की भारी अनदेखी के आरोप लगाए थे। परिवार का कहना है कि अगर निर्माण स्थल पर जाली या उचित सुरक्षा घेराबंदी की गई होती तो यह हादसा टाला जा सकता था। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर भारी रोष है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों की भी सुरक्षा जांच करवाई जाए।

 

यह भी पढ़ें : नशे के खिलाफ सुक्खू सरकार का सबसे बड़ा फैसला- अब सरकारी नौकरी से पहले होगा चिट्टा टेस्ट

पहले मकान मालिक, अब ठेकेदार और मिस्त्री गिरफ्तार

पुलिस इस मामले में पहले ही भवन मालिक को गिरफ्तार कर चुकी है। अब जांच के दौरान लापरवाही सामने आने पर ठेकेदार और मिस्त्री को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को नियमानुसार अदालत में पेश किया जाएगा और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें