बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश की सर्पीली सड़कों पर दो पहिया वाहन चालकों की तेज रफ्तार और लापरवाही खुद उनकी अपनी जिंदगी पर भारी पड़ रही है। ऐसी ही लापरवाही आज बिलासपुर जिला में भी देखने को मिली। जिसमें एक 27 साल के युवक की जान चली गई। युवक स्कूटी पर सवार था और उसकी एक बोलेरो से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद स्कूटी के परखच्चे उड़ गए।

27 साल के युवक की मौत

मिली जानकारी के अनुसार आज मंगलवार को बिलासपुर जिला के बरमाणा पुलिस थाना के तहत आते बैरी रजादियां में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 27 साल के युवक की मौत हो गई। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैरी स्कूल और राव पेट्रोल पंप के पास हुआ। यहां बोलेरो गाड़ी और स्कूटी की आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान 27 वर्षीय दिनेश कुमार निवासी बैरी रजादियां जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: 2 मासूमों को रोता-बिलखता छोड़ गई मां, 3 हफ्तों से है लापता; पुलिस-प्रशासन ने फेरी आंखें

स्कूटी के उड़ गए परखच्चे

बताया जा रहा है कि दिनेश कुमार स्कूटी पर सवार होकर अपने किसी निजी काम से बिलासपुर की तरफ जा रहा था। जहां उसकी बोलेरो से जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार युवक सड़क से दूर जाकर गिरा। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने तुरंत इसकी सूचना 108 एंबुलेंस और पुलिस को दी। 

 

यह भी पढ़ें : BREAKING: हिमाचल के 3 युवाओं की ओवरस्पीड बाइक कार से भिड़ी, 3 घरों के बुझ गए चिराग

पुलिस कर रही मामले की जांच

जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। मौके पर पहुंची बरमाणा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं पुलिस ने बोलेरो गाड़ी के चालक से भी पूछताछ की है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर आगामी जांच शुरू कर दी हे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। 

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें