ऊना। हिमाचल प्रदेश की सड़कों पर छोटी सी लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। वाहन चालकों की तेज रफ्तार और लापरवाही से प्रदेश में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। इन हादसों में कई लोगों की मौत हो रही है। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा हिमाचल के ऊना जिला में भी हुआ है। इस हादसे में एक सेवानिवृत्त पोस्टमास्टर की मौत हो गई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

गहरी खाई में गिरते कार के उड़े परखच्चे

मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा ऊना जिला के चिंतपूर्णी पुलिस थाना क्षेत्र के तहत आती ग्राम पंचायत बेहड़ भटेड़ में हुआ है। हादसे में एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में एक ही व्यक्ति सवार था, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसा इतना भीषण था कि खाई में गिरते ही कार के परखच्चे उड़ गए। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में किसने रची ये साजिश? पानी के टैंक में मिलाया जह*र, 200 लोगों पर मंडराया काल

रिश्तेदार को छोड़ कर वापस लौट रहा था शख्स

इस हादसे में जान गंवाने वाले शख्स की पहचान 65 वर्षीय रिटायर्ड पोस्टमास्टर कर्मचंद के रूप में हुई है। जो कांगड़ा की जसवां तहसील के उझे गांव के रहने वाले थे। परिजनों के अनुसार कर्मचंद कार से बुधवार दोपहर के समय अपने एक रिश्तेदार को छोड़ने के लिए अंब गए थे। इसी बीच शायद वापस लौटते समय उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। 

50 फीट गहरी खाई में गिरी कार

बताया जा रहा है कि आज गुरुवार सुबह बेहड़ भटेड़ के समीप एक कार अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस की टीम भी फायर कर्मियों के साथ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई में उतरे। लेकिन जब तक लोग हादसा स्थल पर पहुंचे घायल शख्स ने दम तोड़ दिया था।

यह भी पढ़ें: पंजाब से हिमाचल सप्लाई हो रहा था 'माल', पुलिस ने धरे पांच तस्कर- ढेर सारा चिट्टा भी किया बरामद

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतक कर्मचंद डाक विभाग से पोस्टमास्टर के पद से रिटायर्ड हुए थे। इस हादसे ने एक हंसते खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़कों पर सावधानी से वाहन चलाएं, ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें