सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में बीते कल दो मासूम सगे भाइयों के साथ पेश आए हादसे ने पूरे हिमाचल को झकझोर कर रख दिया है। दोनों बच्चों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा है। वहीं, पूरा गांव गम में डूब गया है।

एक साथ उठेंगी अर्थियां

गांव में हर तरफ सन्नाटा पसरा हुआ है। एक ही घर से दो मासूम बेटों की अर्थियां उठने की खबर ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। आज दोनों भाइयों का अंतिम संस्कार किया जाएगा। पूरे क्षेत्र में इस हादसे को लेकर शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।

यह भी पढ़ें- 3 साल तक फेफड़े में फंसा रहा पेच, युवक को नहीं थी खबर- IGMC के डॉक्टरों ने चंद मिनटों में निकाला

खेलते-खेलते मिली मौत

आपको बता दें कि बीते कल नोहराधार के देवामानल गांव का रहने वाला 8 वर्षीय आयन और उसका 9 वर्षीय बड़ा भाई अभिनव दोपहर के समय घर के पास बहने वाली खड्ड के किनारे खेल रहे थे। खेलते-खेलते ही उनके साथ एक हादसा हो गया।

 

खड्ड में गिरा छोटा भाई

संकरे रास्ते से गुजरते समय छोटे भाई आयन का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। छोटे भाई को डूबता देख अभिनव उसे बचाने के लिए तुरंत पानी में कूद पड़ा, लेकिन खड्ड का पानी अधिक गहरा होने के कारण दोनों बच्चे बाहर नहीं निकल सके।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : मां ब्रजेश्वरी ने पूरी की श्रद्धालु की मनोकामना, भक्त ने चरणों में भेंट किया 100 ग्राम सोने का हार

बचाते-बचाते बड़ा भी गिरा

बच्चों की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण भागते हुए मौके पर पहुंचे। पिता ने दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, नोहराधार अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

यह खबर सुनते ही अस्पताल में मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नौहराधार पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को फौरी राहत के तौर पर 25-25 हजार रुपये देने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें