बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में आए दिन हो रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। इन हादसों में जहां कई घरों के चिराग बुझ रहे हैं, तो कई घरों के कमाउ लोग परिवार को बेसहारा छोड़ जा रहे हैं। अब एक ऐसा ही दर्दनाक सड़क हादसा हिमाचल के बिलासपुर जिला में हुआ है। कीरतपुर.नेरचौक फोरलेन पर हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया।

आधी रात को हुआ हादसा

दरअसल बीती देर रात करीब 1 45 बजे समलेटू पुल पर एक तेज रफ्तार पिकअप जीप ट्रक से जा भिड़ी, जिसमें मंडी जिले के पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा इतना भीषण था कि जीप ट्रक में करीब चार फीट अंदर तक घुस गई थी। इस हादसे के बाद पिकअप का चालक अंदर ही फंस कर रह गया। जिसे मौके पर पहुंचे लोगों ने कड़ी मशकत के बाद बाहर निकाला।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: पत्नी और सास से परेशान था 33 वर्षीय युवक, दुनिया छोड़ गया; दोनों अरेस्ट

हादसा कैसे हुआ

पुलिस को सौंपी शिकायत में ट्रक चालक सुच्चा सिंह निवासी पलाह.जामली तहसील सदर बिलासपुर ने बताया कि वह अपने ट्रक को समलेटू पुल से गुजार रहा था। तभी पीछे से एक जोरदार टक्कर की आवाज आई। ट्रक रोककर जब वह नीचे उतरा तो देखा कि एक पिकअप जीप उसके ट्रक के पीछे कंडक्टर साइड से घुस चुकी थी।

अंदर ही फंस गया था चालक

पिकअप जीप का चालक चमन लाल निवासी हवाणी जिला मंडी वाहन में बुरी तरह फंस चुका था। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद उसे वाहन से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए एम्स कोठीपुरा पहुंचाया गया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 24 छात्राओं से गंदी हरकत करने वाले शिक्षक पर गिरी गाज, शिक्षा विभाग ने की बड़ी कार्रवाई

प्रारंभिक जांच में क्या निकला

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार हादसा पिकअप चालक की तेज रफ्तारी और लापरवाही का नतीजा बताया गया है। रात के समय वाहन की गति नियंत्रण में नहीं रही, जिससे ट्रक से टक्कर हो गई। पिकअप के पूरी तरह चकनाचूर होने से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि टक्कर के वक्त उसकी गति बहुत अधिक रही होगी।

पुलिस की कार्रवाई

इस दुखद घटना के बाद पुलिस ने यातायात थाना भगेड़ में मामला दर्ज कर लिया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम एम्स कोठीपुरा में करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। एएसपी बिलासपुर शिव चौधरी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की आगामी जांच सब इंस्पेक्टर धर्मपाल को सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : नदी किनारे जाने से नहीं कतरा रहे पर्यटक, सेल्फी के चक्कर में अब तक 10 ने गंवाया जीवन

परिजनों में मातम

चमन लाल की मौत से उनके गांव हवाणी में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजन सदमे में हैं और क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हाईवे पर तेज रफ्तार से चलने वाले वाहनों और रात के समय ट्रैफिक की निगरानी को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्ती की मांग की है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें