#हादसा
October 5, 2026
हिमाचल से अमृतसर जा रही वोल्वो बस पलटी, 4 लोगों की थमी सांसें; 41 यात्रियों की चीख-पुकार से दहला क्षेत्र
अमृतसर के मजारी में फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़कर नीचे गिरी बस
शेयर करें:

मनाली/नवांशहर। हिमाचल प्रदेश से पंजाब जा रही एक निजी बस सोमवार तड़के भीषण हादसे का शिकार हो गई। मनाली से निकली यह वॉल्वो बस फ्लाईओवर की रेलिंग को तोड़ते हुए सर्विस लाइन में जा कर पलट गई। हादसे के समय बस में 41 यात्री सवार थे, जिनकी चीख पुकार से पूरा क्षेत्र दहल उठा। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो छात्र बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि मनाली से अमृतसर के लिए रवाना हुई बस नवांशहर जिले के बंगा के पास गांव मजारी में पलट गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में चार यात्रियों की मौत की सूचना हैए जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद घायलों को अलग.अलग अस्पतालों में उपचार के लिए पहुंचाया गया।
इस हादसे में हिमाचल प्रदेश का भी अहम कनेक्शन सामने आया है। पुलिस ने बस के चालक विवेक कुमार को गिरफ्तार किया है, जो हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले का रहने वाला बताया गया है। शुरुआती पुलिस जांच में सामने आया है कि तड़के करीब पांच बजे बस बंगा ओवरब्रिज से नीचे उतर रही थी। इसी दौरान चालक को कथित तौर पर नींद की झपकी आ गई, जिसके बाद बस नियंत्रण से बाहर हो गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार बस गांव मजारी के पास पहुंची तो अचानक बेकाबू हो गई। बस ने फ्लाईओवर की रेलिंग को तोड़ दिया और नीचे सर्विस रोड पर जाकर पलट गई। टक्कर और पलटने की वजह से बस को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
पुलिस के अनुसार बस में कुल 41 यात्री सवार थे। बस मनाली से चलकर अमृतसर की ओर जा रही थी। दुर्घटना के बाद पुलिस और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। घायल यात्रियों को तत्काल अस्पतालों में पहुंचाया गया। पुलिस अब सभी यात्रियों की पहचान और घायलों से संबंधित जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : पिकनिक मनाने गया था व्यक्ति, परिवार और दोस्तों के सामने खड्ड मे डूबा
हादसे में चार लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है। इनमें अमृतसर के साहिबजादा जुझार सिंह नगर निवासी 30 वर्षीय विशाल रत्तु और केरल की ज्योत्सना जॉर्ज की पहचान हुई है। दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस मृतकों की पहचान के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर रही है।
हादसे के बाद ऐसी जानकारी भी सामने आई थी कि बस में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के कुछ छात्र सवार थे और मृतकों में दो छात्र शामिल हो सकते हैं। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की है। जांच अधिकारी के अनुसार बस में करीब 10 बच्चे लवली यूनिवर्सिटी से जुड़े होने की बात सामने आई है और उनकी स्थिति तथा किसी संभावित कैज्युएलिटी को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
बंगा सदर थाने के जांच अधिकारी संदीप कुमार के अनुसार प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की बात सामने आई है। इसी वजह से बस के नियंत्रण से बाहर होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे की पूरी तस्वीर जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने चालक विवेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के प्रत्यक्षदर्शी सतनाम सिंह ने बताया कि उनका भतीजा जिम जाने के लिए निकला था और पेट्रोल खत्म होने के कारण वह पेट्रोल पंप की ओर गया था। इसी दौरान उसके सामने तेज आवाज के साथ बस हादसे का शिकार हो गई। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
यह भी पढ़ें : राजा वीरभद्र के गढ़ में CM सुक्खू का जलवा : क्या दो गुटों में बंट जाएगा रोहड़ू और रामपुर ?
मनाली से अमृतसर तक का सफर तय कर रही बस के यात्रियों ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि कुछ घंटों बाद उनका सफर इस दर्दनाक हादसे में बदल जाएगा। हिमाचल से रवाना हुई बस पंजाब में पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त हुई और चार यात्रियों की जान चली गई। हादसे में हिमाचल के मंडी निवासी चालक की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना से पहले बस की स्थिति क्या थी और चालक को नींद आने की वजह क्या रही।