#अपराध
June 24, 2025
हिमाचल: पत्नी और सास से परेशान था 33 वर्षीय युवक, दुनिया छोड़ गया; दोनों अरेस्ट
दो बच्चों के साथ मायके चली गई थी पत्नी
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 33 साल के युवक ने अपनी जान दे दी। युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाने का कारण उसकी पत्नी और सास को बताया गया है। पुलिस ने परिजनों के आरोप पर मृतक युवक की पत्नी और सास को गिरफ्तार कर आगामी जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने पत्नी और सास पर युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए हैं। यह मामला कांगड़ा जिला के जस्वा प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र का बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार जस्वा प्रागपुर की स्वांता पंचायत के लग गांव के रहने वाले 33 वर्षीय युवक पंकज ने रविवार की रात को जहरीला पदार्थ निगल लिया था। पंकज की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत ही डाडासीबा के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने पंकज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, लेकिन जब तक उसे टांडा पहुंचाया गया, तब तक पंकज की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : 24 छात्राओं से गंदी हरकत करने वाले शिक्षक पर गिरी गाज, शिक्षा विभाग ने की बड़ी कार्रवाई
पंकज की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक युवक के परिजनों के बयान दर्ज किए। परिजनों ने पंकज की मौत का कारण उसकी पत्नी और सास को बताया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पत्नी और सास की प्राताड़ना से तंग आकर ही पंकज ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया है।
पुलिस को सौंपी शिकायत में पंकज की बहन ने बताया कि उसका भाई पिछले काफी समय से मानसिक तनाव में था। पंकज की पत्नी और सास उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी। अभी दो दिन पहले ही पंकज की पत्नी घरेलू विवाद के चलते अपने दो बच्चों को लेकर पंजाब में स्थित अपने मायके चली गई थी। जिससे पंकज काफी ज्यादा मानसिक तनाव में आ गया था और अंदर से टूट गया था।
डाडासीबा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय दंड संहिता ;आईपीसीद्ध की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच के बाद पुलिस ने मृतक पंकज की पत्नी और सास को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया है जिसके बाद मृतक का दाह संस्कार कर दिया गया।