शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहां पर एक JCB मशीन का काम चल रहा था। तभी अचानक मिट्टी और मलबा JCB मशीन के ऊपर गिर गया। जिसके कारण चालक की मौत हो गई।
JCB मशीन पर गिरी मलबा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा चंडीगढ़-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर परवाणू लिंक रोड के पास पेश आया है। यहां पिल्लर के पास जेसीबी मशीन से काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक ऊपर पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा खिसककर नीचे आ गया। मलबा सीधे JCB मशीन पर जा गिरा और चालक मशीन के अंदर ही फंस गया।
यह भी पढ़ें : बेकाबू वाहन ने कुच**ला मजदूर, 6 वर्षीय बेटे के सिर से उठा पिता का साया- हाईवे पर हंगामा
रेस्क्यू के लिए मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस, अग्निशमन विभाग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम और एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया। इसके बाद सभी टीमों ने मिलकर बचाव अभियान शुरू किया और मलबा हटाने का काम शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद JCB चालक को निकाला बाहर
रेस्क्यू टीम ने काफी मेहनत के बाद JCB मशीन के आसपास जमा मलबे को हटाया और चालक को बाहर निकाला। चालक की हालत गंभीर थी, इसलिए उसे तुरंत एंबुलेंस से ईएसआई अस्पताल परवाणू ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में करवट बदलेगा मौसम, ऊंची चोटियों पर होगी बारिश-बर्फबारी, अलर्ट जारी
19 साल के मनोज कुमार की गई जान
मृतक की पहचान 19 वर्षीय मनोज कुमार के रूप में हुई है। वह राज कुमार का बेटा था और राजगढ़ का रहने वाला था। हादसे में उसकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस की ओर से हादसे को लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : अचानक हिचकोले खाते बीच सड़क पर पलट गई HRTC बस, कई यात्री थे सवार
परिवार को दी गई हादसे की सूचना, प्रशासन देगा 25 हजार की राहत
नायब तहसीलदार शकुंतला पटियाल ने बताया कि हादसे की जानकारी मृतक के परिवार को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि मनोज के परिवार में उसके पिता ही हैं। प्रशासन की ओर से शनिवार सुबह मृतक के पिता को 25 हजार रुपये की फौरी राहत दी जाएगी।
