मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के गोहर उपमंडल की स्यांज पंचायत में 30 जून की रात आसमान से बरसा कहर दो परिवारों को तबाह कर गया। टकोली और ज्यूणी खड्ड में रात करीब एक बजे अचानक आए तेज जलसैलाब ने गांव के दो मकानों समेत 9 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। अब तक केवल एक शव बरामद हो पाया है, जबकि बाकी लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है।
एक महिला की मिली देह
बरामद हुआ शव 70 वर्षीय देवकू देवी का है, जो गांव में अपने पति पदम देव (75) के साथ रहती थीं। उनके पति का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। इस हादसे में झाबे राम नामक व्यक्ति का पूरा परिवार भी लापता हो गया है, जिसमें सात सदस्य शामिल हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : कीचड़ पर फिसली HRTC बस, ढलान में पलटी- 18 यात्री थे सवार, अंदर ही फंस गए सभी
मलबे में समा गया सबकुछ
लापता पदम देव के बेटे तिलक राज ने बताया कि उनका पूरा परिवार स्यांज पंचायत के पंगल्यू गांव में रहता था और मुख्य रूप से खेतीबाड़ी से जुड़ा था। उनका एक और मकान बागा में है, जहां वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ आए हुए थे। तिलक राज ने बताया कि रात एक बजे के करीब जब तेज बारिश हो रही थी, तो टकोली खड्ड अचानक बाढ़ में तब्दील हो गई।
बाढ़ में बह गया पूरा परिवार
माता-पिता और झाबे राम का परिवार उसी समय पानी के बढ़ते बहाव में फंस गया। “रात करीब डेढ़ बजे तक मेरी माता-पिता से बात होती रही,” तिलक राज ने बताया। “जैसे-जैसे पानी बढ़ता गया, वे सभी लोग छत पर चले गए। फिर एकाएक सैलाब ऐसा आया कि पूरा घर, गौशाला, मवेशी और हमारे परिजन पानी में बह गए। अब हमारे पास तन पर कपड़ों के अलावा कुछ नहीं बचा। यहां तक कि जमीन पर बने मत्स्य पालन टैंक भी बह गए।”
यह भी पढ़ें : हिमाचल : एयरपोर्ट के पास चिट्टा सप्लाई करने आया था युवक, ग्राहक से पहले पहुंच गई पुलिस- हुआ अरेस्ट
एक ही परिवार के 7 सदस्य लापता
झाबे राम के परिवार के सात सदस्य इस जलप्रलय में लापता हैं, जिनकी पहचान इस प्रकार है-
- सुरमि देवी (70) पत्नी स्व. गोकुलचंद
- झाबे राम (50) पुत्र गोकुलचंद
- पार्वती देवी (47) पत्नी झाबे राम
- इंद्रदेव (29) पुत्र झाबे राम
- उमावती (27) पत्नी इंद्रदेव
- कनिका (9) पुत्री इंद्रदेव
- गौतम (7) पुत्र इंद्रदेव
प्रशासन की कोशिशें जारी
स्थानीय प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें सर्च ऑपरेशन में जुटी हैं। भारी बारिश और खड्डों के उफान के कारण बचाव कार्यों में लगातार बाधाएं आ रही हैं। अब तक एकमात्र बरामद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश तेज कर दी गई है।
