मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल में एक दर्दनाक बस हादसा हुआ है। यह हादसा मसेरन के पास तरांगला के समीप हुआ, जहां हिमाचल पथ परिवहन निगम HRTC) की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी।
25 सवारियां थी सवार
हादसे के समय बस में करीब 20 से 25 सवारियां थीं। हादसे की सूचना मिलते ही सरकाघाट थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। डीएसपी सरकाघाट ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घायलों को एंबुलेंस के ज़रिए सरकाघाट अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीण भी रेस्क्यू कार्यों में सक्रिय रूप से मदद कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : सुप्रीम कोर्ट पहुंची हिमाचल सरकार, HC के पेड़ कटान आदेश को दी चुनौती- जनता में भी भारी रोष
कई घायल, अभी तक मौत की पुष्टि नहीं
घायलों की स्थिति को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि कुछ सवारियों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया जा रहा है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है। प्रशासन की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है।
हादसे के कारणों पर सस्पेंस बरकरार
हादसा कैसे हुआ, इस पर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हो सकता है कि बस अचानक फिसल गई हो या चालक ने नियंत्रण खो दिया हो। मौसम खराब था या मोड़ पर स्पीड ज़्यादा थी इन तमाम पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : जॉब ट्रेनी स्कीम: 2 साल बाद सीखे काम के आधार पर होगी परीक्षा, फेल हुए तो जाएगी सरकारी नौकरी
परिजनों में दहशत, इलाके में दहला माहौल
घटना की सूचना जैसे ही आसपास के गांवों में फैली, परिजनों में हड़कंप मच गया। कई लोग अपने परिचितों की तलाश में अस्पताल की ओर दौड़ पड़े। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई है और पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश में लगी है।
