मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा टल गया। सुंदरनगर डिपो की HRTC बस अचानक सड़क धंसने के कारण खाई की ओर झुक गई और उसका अगला हिस्सा हवा में लटक गया। उस समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे। कुछ पल के लिए मौके पर दहशत का माहौल बन गया, लेकिन चालक की सतर्कता से सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई।
वाहन को पास देते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार सुंदरनगर डिपो की बस रोजाना की तरह गुरुकोठा रूट से अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। हल्यातर क्षेत्र के पास सामने से सब्जियों से लदा एक वाहन आ रहा था।
यह भी पढ़ें : घर से निकला मासूम दिव्यांश, 3 दिन से नहीं लौटा वापस; बेबस माता-पिता ने मांगी मदद
उसे सुरक्षित रास्ता देने के लिए बस चालक ने वाहन को सड़क के किनारे लिया, तभी सड़क का किनारा और नीचे बना कच्चा डंगा अचानक धंस गया। इससे बस का अगला टायर सड़क से बाहर निकल गया और वाहन खतरनाक स्थिति में लटक गया।
यात्रियों में मच गई चीख-पुकार
बस जैसे ही असंतुलित हुई, चालक ने घबराने के बजाय तुरंत ब्रेक पर नियंत्रण बनाए रखा। उसने स्थिति को भांपते हुए इंजन बंद करने से पहले सभी यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित नीचे उतारा। यदि उस समय अचानक बस में झटका लगता या चालक घबरा जाता तो बस गहरी ढलान की ओर पलट सकती थी।
घटना के दौरान बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग घबरा गए और सुरक्षित बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में सहयोग किया। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
सड़क की हालत पर उठे सवाल
हादसे के बाद यात्रियों ने एचआरटीसी चालक की सूझबूझ और धैर्य की जमकर प्रशंसा की। उनका कहना था कि यदि चालक ने समय रहते सही फैसला नहीं लिया होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। कई यात्रियों ने चालक का धन्यवाद करते हुए कहा कि उसकी सतर्कता के कारण सभी की जान बच सकी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : 3 साल की मासूम को तेज रफ्तार कैंपर ने मारी टक्कर, तोड़ा दम- चालक गिरफ्तार
स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद सड़क किनारे बने कच्चे डंगे और कमजोर हिस्सों को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में ऐसे स्थानों पर कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।
जांच में जुटा परिवहन निगम
घटना की जानकारी मिलते ही HRTC अधिकारियों ने मौके पर टीम भेजकर स्थिति का जायजा लिया। बस को सुरक्षित निकालने और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन भी सड़क धंसने के कारणों का पता लगाने में जुटा है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
