#हादसा
November 25, 2026
सुबह 5:20 बजे हमीरपुर से चंडीगढ़ के लिए निकली थी बस

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन तेज रफ्तार और जरा सी लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। ताजा मामला जिला हमीरपुर से सामने आया है, जहां हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और नाली में जा घुसी। हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे। बस के अचानक सड़क से उतरते ही यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, यह बस ऊना डिपो की थी और सुबह 5:20 बजे हमीरपुर बस अड्डे से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई थी। बस ऊना के रास्ते चंडीगढ़ जा रही थी। सुबह करीब 6:15 बजे जब बस सलोनी के पास जोल पहुंची, तो सामने से एक निजी वोल्वो बस आ रही थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : किस्मत ने वृद्धाश्रम में मिलाए दो दिल, 63 की सबीना और 75 के कन्हैया ने लिए सात फेरे
दोनों बसों की टक्कर होने का खतरा देखते हुए HRTC चालक ने अपनी बस को सड़क से नीचे उतार दिया। इस दौरान बस नाली में धंस गई और पलटने से बाल-बाल बची। अचानक हुई इस घटना से बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। हादसे में बस को नुकसान पहुंचा है।
हादसे के बाद चंडीगढ़ जा रहे यात्रियों को सुबह ठंड के बीच काफी देर तक परेशानी झेलनी पड़ी। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बाद में हमीरपुर डिपो की दूसरी बस का इंतजाम किया गया। इसके बाद सभी यात्रियों को चंडीगढ़ के लिए रवाना कर दिया गया।
यह भी पढ़ें : डिप्टी CM के विभाग पर बिजली बिल का 250 करोड़ बकाया, बोर्ड प्रबंधन ने वसूली के लिए भेजा पत्र
बस के सड़क से नीचे उतरने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सड़क पर जाम लगने से आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी हुई। घटना की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने सड़क पर यातायात बहाल करवाया।