#हादसा
November 25, 2026
जुड़वां भाई से हमेशा के लिए छूटा साथ

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे का मामला सामने आया है। इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और दो जुड़वां भाइयों को हमेशा के लिए जुदा कर दिया। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।
चेतन की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। चेतन और चिराग जुड़वां भाई थे, लेकिन इस हादसे ने दोनों का साथ हमेशा के लिए छीन लिया। चेतन ने होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई की थी और मनाली के एक निजी होटल में काम करता था। उसका जुड़वां भाई चिराग सुंदरनगर में पढ़ाई कर रहा है। परिवार में उनकी एक बहन भी है। पिता टीकम राम के लिए जवान बेटे को खोने का दुख सहना बेहद मुश्किल हो गया है।
यह भी पढ़ें : कुत्ते के चक्कर में थम गई व्यक्ति की सांसें, बेटे के घर लौटने का इंतजार कर रहे थे परिजन
हादसे में घायल योगेश मंडी जिले के थुनाग क्षेत्र के सुराह गांव का रहने वाला है। वह कुल्लू में डिलीवरी बॉय का काम करता था। बताया जा रहा है कि सोमवार रात वह अपने दोस्त चेतन को छोड़ने के लिए बाइक पर जा रहा था। इसी दौरान दोनों हादसे का शिकार हो गए।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा बीते 23 नवंबर की रात करीब 10 बजे कुल्लू जिले में चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे-3 पर बबेली स्थित ITBP कैंप के पास हुआ। दोनों युवक बाइक पर कुल्लू से मनाली की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान मनाली की ओर से आ रही एक पिकअप जीप कैंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पिकअप में फंस गई और उसके साथ कई मीटर तक घिसटती चली गई।
यह भी पढ़ें : होटल में सोती रह गई हिमाचल पुलिस, चकमा देकर फरार हुआ आरोपी- अभी भी पकड़ से बाहर
हादसे के बाद भी पिकअप चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। बताया जा रहा है कि वह बाइक को करीब दो किलोमीटर तक घसीटता रहा और फिर मौके से फरार हो गया। हादसे में दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए थे। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को वाहन की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने मंडी जिले के जैंजहली के बायला गांव निवासी 25 वर्षीय चेतन पुत्र टीकम सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसका दोस्त योगेश गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।
हादसे में चेतन की मौत पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी गहरा दुख जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में चेतन का दुनिया से चले जाना बेहद दुखद और पीड़ादायक है। वहीं, हादसे में टक्कर मारने वाली पिकअप कुल्लू के बंदरोल निवासी संदीप कुमार के नाम पर दर्ज बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में ठंड का डबल अटैक: 3 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, माइनस में पहुंचा पारा
हादसे के बाद कुछ लोगों ने क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों ने अस्पताल में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। हालांकि, इस संबंध में सामने आई जानकारी में लापरवाही की वजह और अन्य विवरण स्पष्ट नहीं हैं।