#विविध
July 13, 2026
हिमाचल : घर से निकला मासूम दिव्यांश, 3 दिन से नहीं लौटा वापस; बेबस माता-पिता ने मांगी मदद
बेटे की तलाश में दर-दर भटक रहे माता-पिता
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां रोहड़ू के कोइलान का रहने वाला दिव्यांश नाम का लड़का संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। बेटे के ऐसे अचानक लापता हो जाने से उसका परिवार बेहद परेशान है।
बताया जा रहा है कि लड़का पिछले करीब दो दिन से लापता है। उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पा रहा है। बेटे के लापता होने से परिजन काफी घबराए हुए हैं। परिजन लापता बेटे की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं और उसके सही-सलामत मिलने की कामना कर रहे हैं।
लापता बच्चे के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट रोहड़ू पुलिस थाने में दर्ज करवाई है। परिजनों ने बताया कि बीती 11 जुलाई, शनिवार को सुबह करीब 11 बजे दिव्यांश घर से निकला था। घर से निकलते वक्त उसने नीले रंग के कपड़े पहने थे और उनके पास नीली किट थी।
परिजनों ने बताया कि देर रात तक भी दिव्यांश घर वापस नहीं आया तो उन्हें चिंता सताने लगी। परिजनों ने अपने स्तर पर उसे हर जगह ढूंढा, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। दिव्यांश के दोस्तों व रिश्तेदारों को भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी। अब दिव्यांश को घर से गए हुए तीसरा दिन है और उसका कुछ अता-पता नहीं है।
परिजनों ने बताया कि वो कभी किसी से बिना बताए कहीं नहीं जाता था। इसलिए यह घटना उन्हें और ज्यादा असामान्य लग रही है। परिवार दिव्यांश की तलाश में दर-दर भटक रहा है। पुलिस ने भी मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिव्यांश की खोज के लिए आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है और CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं- ताकि किसी सुराग तक पहुंचा जा सके। इसके अलावा आसपास के पुलिस थानों में भी दिव्यांश की तस्वीर भेज दी गई है। उन्होंने दिव्यांश के परिवार को आश्वासन दिया है कि जल्द ही दिव्यांश को सही-सलामत ढूंढ लिया जाएगा।
दिव्यांश के परिजनों ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने सभी से अनुरोध किया है कि अगर किसी को दिव्यांश के बारे में कोई जानकारी हो या उन्होंने उसे कहीं देखा हो, तो कृपया थाने या इस नंबर 9805302406 पर संपर्क करें।