शिमला। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब जिला शिमला के रामपुर बुशहर में एक और सड़क हादसा हुआ है। यहां HRTC बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय बस में करीब 35 यात्री सवार थे। 

50 मीटर खाई में गिरी बस

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला शिमला के रामपुर बुशहर के डंसा के पास पेश आया है, जहां शुक्रवार सुबह यात्रियों से भरी HRTC बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे जा गिरी। हादसे के समय बस में करीब 35 लोग सवार थे। लोगों में चीख-पुकार मच गई। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में अगले कई दिन होगी भारी बारिश, ऊंची चोटियों पर बर्फबारी से प्रदेश में बढ़ेगी ठंड

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोग

बस हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायलों की मदद में जुट गए। स्थानीय लोगों ने निजी गाड़ियों की मदद से घायलों को खनेरी अस्पताल पहुंचाया। कुछ ही देर में एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंच गईं और राहत-बचाव का काम शुरू कर दिया गया।

खनेरी अस्पताल में घायलों का इलाज जारी

हादसे में घायल यात्रियों को महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर (एमजीएमएससी), खनेरी में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम को पहले ही अलर्ट कर दिया गया था, ताकि घायलों को तुरंत इलाज मिल सके। जानकारी के मुताबिक, दो गंभीर रूप से घायल यात्रियों का अस्पताल में इलाज जारी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के लिए मोदी सरकार ने फिर खोला खजाना, मिलेगी करोड़ों रुपए की सहायता; जानें कहां होगी खर्च

प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे

हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग और वन विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। सभी टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी रहीं। फिलहाल बस हादसा किस वजह से हुआ, इसका पता नहीं चल पाया है। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

हादसे में एक की मौत 

रामपुर के SHO रमेश नेगी ने बताया कि हादसे में घायल वंश नेगी (पुत्र सुरंजन), निवासी गांव कराली, की खनेरी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में घायल 24 अन्य यात्रियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टर उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रहे हैं।

 
 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: अब सड़क पर कटेगा चालान तो मौके पर होगा डिजिटल भुगतान; जानें सुक्खू सरकार की नई व्यवस्था

दिनेश शर्मा ने भी दी हादसे की जानकारी

दिनेश शर्मा ने बताया कि सनेई से रामपुर की ओर जा रही बस सुंडा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस में काफी संख्या में यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया गया।