चंबा। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां पर पशु चराने के लिए जंगल गई एक महिला की गहरी खाई में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
शाम के समय पशु चराने जंगल गई थी महिला
जानकारी के अनुसार, मामला जिला के विकास खंड मैहला की घलून पंचायत से सामने आया है। यहां पर बताया जा रहा है कि बीते बुधवार शाम महिला रोज की तरह अपने पशुओं को चराने के लिए घर के साथ लगते जंगल में गई थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल बिजली बोर्ड का बड़ा फैसला: बिल पर नहीं लगेगा फ्यूल चार्ज, लाखों उपभोक्ताओं को राहत
इलाके का रास्ता काफी संकरा और ढलान वाला बताया जा रहा है। इसी दौरान चलते समय अचानक उसका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सकी और गहरी खाई में जा गिरी।
महिला को गिरता देख मौके पर पहुंचे ग्रामीण
महिला को खाई में गिरते देख आसपास मौजूद कुछ ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। उन्होंने सबसे पहले महिला के परिजनों को इस हादसे की सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों और परिवार के लोगों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद महिला को खाई से बाहर निकाला।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: प्रेमी जोड़े की हरकतों का VIDEO वायरल- पब्लिक प्लेस पर 'किस' करते दिखे, थाने पहुंचा केस
बताया जा रहा है कि महिला को गंभीर चोटें आई थीं और उसकी हालत बेहद नाजुक थी। समय बर्बाद किए बिना उसे वाहन के माध्यम से मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चम्बा ले जाया गया ताकि जल्द से जल्द इलाज मिल सके।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन पूरी उम्मीद के साथ महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, खाई में गिरने से महिला को गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं, जिसके कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। जैसे ही महिला की मौत की खबर परिजनों और ग्रामीणों को मिली, पूरे परिवार में मातम छा गया। गांव में भी शोक का माहौल बन गया।
यह भी पढ़ें : जयराम की हुई मंडी : अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पदों पर BJP का कब्जा, कांग्रेस का सूपड़ा साफ
मृतका की पहचान
निम्मो देवी उम्र 40 साल पत्नी अशोक कुमार निवासी गांव अगाहर जिला चंबा के रूप में हुई है।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही सदर पुलिस थाना की टीम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चम्बा पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद परिजनों के बयान दर्ज किए गए और शुरुआती जांच के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और कहीं कोई अन्य कारण तो इसके पीछे नहीं था।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा तोहफा : चुनाव हारने वाले मिड-डे मील कर्मियों को वापस मिलेगी नौकरी
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने भी परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
SP ने की घटना की पुष्टि
SP विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की मौत खाई में गिरने के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में रात 3 बजे आया फ्लैश फ्लड, मची भगदड़- कई सड़कें बंद, 6 दिन का ऑरेंज अलर्ट
शुरुआती जांच में यह एक दुर्घटना प्रतीत हो रही है, फिर भी पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि बरसात के मौसम में जंगलों और पहाड़ी रास्तों पर चलते समय विशेष सावधानी बरतें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
