चंबा। हिमाचल प्रदेश में अकस्मात मौत से मरने वालों की संख्या का ग्राफ बीते कई दिनों से बढ़ता हुआ रिपोर्ट किया जा रहा है। ताजा मामला प्रदेश के जिला चंबा से सामने आया है जहां एक महिला की दर्दनाक मौत उस समय हो गई, जब वह लकड़ियों के लिए गई हुई थी और काल के रूप में अचानक उसके सिर पर पत्थर आ गिरा।
सूखी लकड़ियां बटोरने गई थीं जंगल
जानकारी के अनुसार, जिला चंबा के तहत आती ग्राम पंचायत कुमार की महिला से यह दर्दनाक हादसा पेश आया है जो रोज़मर्रा के कामों के लिए सूखी लकड़ियां बटोरने जंगल गई थीं। स्थानीय लोगों के अनुसार दोपहर के समय महिला जंगल के एक ढलानदार हिस्से में लकड़ी जमा कर रही थीं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में शेयर हो रहा मासूम गोलू के नाम का स्कैनर, चंदा मांग अपनी जेब भर रहे शातिर
तभी अचानक ऊपर की ओर से एक भारी पत्थर तेज़ी से लुढ़कता हुआ नीचे आ गिरा और सीधे उसके सिर के पीछे वाले हिस्से पर लगा। घटना इतनी अचानक हुई कि महिला को संभलने का कोई मौका तक नहीं मिला।
मृतक महिला की पहचान
हादसे के तुरंत बाद साथ मौजूद ग्रामीणों ने उसे कंधों पर उठाकर किलाड़ के सिविल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सक डॉ. विशाल शर्मा ने जांच के बाद बताया कि गंभीर सिर की चोटों के चलते महिला की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। अस्पताल में पहुंचने से पहले ही उनकी सांसें थम चुकी थीं। मृतक महिला की पहचान रंजना कुमारी उम्र 34 वर्ष, पत्नी क्रांति कुमार के रूप में की गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की शादी में चोर बाराती- दुल्हन की गाड़ी का पीछा कर उड़ाए गहने, पुलिस ने पकड़ा मास्टरमाइंड
परिजनों के बयान कलमबद्ध
उधर, पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर कानूनी कार्रवाई शुरू की और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक महिला के परिजनों के बयान कलमबद्ध कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
