नाहन। हिमाचल प्रदेश में हो रही भारी बारिश ने लोगों के जनजीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है। भारी बारिश से बादल फटने से जहां कई घरों को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं भूस्खलन ने प्रदेश की सैंकड़ों सड़कों पर वाहनों की आवाजाही को रोक दिया है। अब भारी बारिश से लगातर सड़कों के धंसने की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे कई वाहन हादसे का शिकार हो रहे हैं। ऐसा ही एक हादसा हिमाचल के सिरमौर जिला में भी हुआ है।
सड़क से लुढ़का ट्रक खड्ड में गिरा
मिली जानकारी के अनुसार जिला के राजगढ़ उपमंडल में बुधवार गुरुवार की मध्य रात करीब एक बजे एक ट्रक सड़क धंसने से हादसे का शिकार हो गया। यह ट्रक सड़क से लुढ़क कर सीधा खड्ड में जा समाया। यह हादसा सनौरा नेरीपुल छैला सड़क पर बीती रात को एक अन्य वाहन को पास देते हुए हुआ। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के लाखों परिवारों को झटका- मनरेगा से हुए बाहर, जॉब कार्ड होंगे रद्द
सेब लेकर जा रहा था ट्राला
बताया जा रहा है कि यह हादसा उस समय हुआ, जब शालीबाग में चालक एक अन्य वाहन को सड़क पर पास दे रहा था। इसी दौरान सेब से लदा ट्राला शालीबाग खड्ड में जा गिरा। गनीमत रही कि हादसे की खबर समय रहते ग्रामीणों और अन्य ट्रक चालकों का लग गई। जिससे ग्रामीण और अन्य ट्रक चालक मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाया और घायल ट्रक चालक को खड्ड से निकाल कर नजदीकके स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां उसका उपचार चल रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : कमरे में सो रही महिला को सांप से डसा, निकले प्राण- सदमे में परिवार
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
वहीं इस मामले में जब राजगढ़ पुलिस प्रभारी से संपर्क साधा गया तो उन्होंने बताया कि ट्रक हादसे की अभी तक कोई खबर नहीं आई है। जैसे ही ऐसी कोई जानकारी मिलेगी, तुरंत पुलिस टीम को मौके पर भेज कर मामले की जांच करवाई जाएगी।
एक माह में सातवां हादसा
स्थानीय लोगों की मानें तो इस सड़क पर पिछले एक माह में ही यह सातवां हादसा है। ग्रामीणों ने अभी तीन दिन पहले ही इस सड़क की खस्ता हालत और तंग सड़क से बड़े बड़े ट्राले चलने का विरोध भी किया था। ग्रामीणों का कहना था कि छोटे वाहनों की क्षमता वाली इस सड़क पर हर दिन 3 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क की क्षमत 9 टन भार वाहनों के लिए बनाई थी, लेकिन सेब सीजन के दौरान इस सड़क पर बड़े बड़े ट्राले जिनकी भार क्षमता 30 से 40 टन होती है गुजरते हैं, जिससे सड़क टूट रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : शहीद की देह देख बेटियों की निकली चीखें, बुजुर्ग माता- पिता के नहीं रूक रहे आंसू; पत्नी बेसुध
तंग सड़क से गुजरते हैं भारी भार वाले वाहन
यही कारण है कि तंग सड़क होने के चलते यहां अकसर हादसे हो रहे हैं और लंबा जाम भी लगा रहता है। वहीं प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते अब इस सड़क की हालत और भी खस्ता गई है। जिससे अब सड़क धंसने लगी है। बता दें कि सेब सीजन के दौरान शिमला जिला के ऊपरी क्षेत्रों का सारा सेब इसी सनौरा नेरीपुर छैला सड़क से देश की विभिन्न मंडियों में पहुंचता है।
