सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने न केवल एक परिवार को उजाड़ दिया है, बल्कि सुनने वाले हर शख्स की रूह को झकझोर कर रख दिया है। अभी संसार को ठीक से देखना भी शुरू नहीं किया था कि नियति ने एक पांच माह की मासूम बच्ची के सिर से मां का आंचल छीन लिया। ददाहू क्षेत्र के बेडोलिया में एक 25 वर्षीय विवाहिता की अचानक हार्ट अटैक से हुई मौत ने पूरे इलाके में मातम पसरा दिया है।

अचानक बिगड़ी तबीयत, थम गई सांसें

जानकारी के अनुसार गत्ताधार क्षेत्र के सांगना गांव की रहने वाली मनीषा की शादी करीब दो साल पहले ददाहू के बेडोलिया निवासी मनीष के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि अपने ससुराल में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इससे पहले कि परिजन कुछ समझ पाते, उन्हें दिल का दौरा पड़ा और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस अचानक हुई घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: खेत में मिली महिला की देह, मां बोली -बेटी की हुई है ह*त्या, पति-दो ननदें गिरफ्तार

मासूम बच्ची से छिन गया मां का आंचल

मनीषा ने कुछ महीने पहले ही एक बेटी को जन्म दिया था, जिसकी उम्र अभी करीब पांच से छह महीने है। मां के अचानक यूं चले जाने से बच्ची का भविष्य अनिश्चितताओं से घिर गया है। यह दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो रही हैं और लोग इसे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बता रहे हैं।

यह भी पढ़ें : नया पद मिलते ही नीरज भारती ने किया 'धमाका', आभार संदेश से CM का नाम गायब, वजह भी बताई

दो साल में उजड़ गया बसता घर

शादी के महज दो साल के भीतर ही यह परिवार इस तरह टूट जाएगा, किसी ने सोचा भी नहीं था। खुशियों से भरा घर पल भर में मातम में बदल गया। पति और परिवार के अन्य सदस्यों का रो.रोकर बुरा हाल है। बेटी के जन्म के बाद घर में खुशियों की बहार आई थी, लेकिन किसे पता था कि इस मासूम बच्ची के सिर से मात्र पांच माह बाद ही मां का साया हमेशा के लिए उठ जाएगा।

 

यह भी पढ़ें : कर्ज में डूबा हिमाचल... सुक्खू सरकार ने विज्ञापनों पर लुटा दिए करोड़ों रुपए, बजट सत्र में खुलासा

गांव में पसरा मातम

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। आसपास के लोग और रिश्तेदार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। हर कोई इस दुखद घटना को लेकर स्तब्ध है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहा है। इस घटना ने एक बार फिर कम उम्र में हार्ट अटैक के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लोग इस तरह की घटनाओं को लेकर हैरान हैं और इसे गंभीर स्वास्थ्य चेतावनी के रूप में देख रहे हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें