#अपराध
March 30, 2026
हिमाचल: खेत में मिली महिला की देह, मां बोली -बेटी की हुई है ह*त्या, पति-दो ननदें गिरफ्तार
संतान ना होने पर करते थे महिला को परेशान
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में बीते कल रविवार को एक 35 वर्षीय विवाहिता का शव खेत मिलने से सनसनी फैल गई थी। अब इस मामले में एक नया अपड़ेट सामने आया है। पुलिस ने महिला के पति और दो ननदों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार शाहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लहेड डाकघर अनसूई गांव में शनिवार देर शाम एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस थाने में दर्ज करवाई थी। उसने बताया था कि उसकी पत्नी बिना किसी जानकारी के घर से कहीं चली गई है।
यह भी पढ़ें : कर्ज में डूबा हिमाचल... सुक्खू सरकार ने विज्ञापनों पर लुटा दिए करोड़ों रुपए, बजट सत्र में खुलासा
लेकिन इस मामले में उस समय बड़ा मोड़ आ गया, जब आज रविवार सुबह उसी व्यक्ति ने पुलिस को फोन कर सूचना दी कि उसकी पत्नी का शव घर के नजदीकी खेतों में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
खेत में विवाहिता का शव मिलने से इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है, जिसके चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग उनकी बेटी को संतान न होने के कारण परेशान करते थे, जबकि परिवार ने एक बच्ची को गोद भी लिया हुआ था। इसके बावजूद उस पर दबाव बनाया जाता रहा।
परिजनों ने साफ तौर पर कहा है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है और इसके लिए पति के अलावा दो ननदें जिम्मेदार हैं। मायका पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल में पति की दूसरी शादी की बात भी चल रही थी। पुलिस ने मृतका की मां के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया हैए ताकि मौत के असली कारणों का पता चल सके। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।