शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में एक बेहद दुखद और दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां पर कार धो रहे एक व्यक्ति का अचानक पैर फिसल गया और वह सीधे सिर के बल कंक्रीट पर जा गिरे। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
गाड़ी धो रहे व्यक्ति का फिसला पैर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला शिमला के नेरवा क्षेत्र के गुरार गांव में पेश आया है। यहां एक व्यक्ति अपने घर के बाहर खड़ी गाड़ी की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़े।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : प्रत्याशी ने पहले वापस लिया नामांकन, फिर अधिकारी से फार्म छीन हुआ फरार; थाने पहुंचा मामला
परिवार में मची चीख पुकार
गिरते समय उनका सिर सीधे कंक्रीट से टकराया, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी। बताया जा रहा है कि चोट इतनी गहरी थी कि वह मौके पर ही बेहोश हो गए। हादसे के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई और परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाने में जुट गए।
बेटे ने तुरंत पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मृतक के बेटे चिराग ने स्थानीय निवासी संजीव कुमार की मदद से अपने पिता को तुरंत गाड़ी में डालकर नागरिक अस्पताल नेरवा पहुंचाया। परिवार को उम्मीद थी कि समय रहते इलाज मिलने से उनकी जान बच जाएगी, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
यह भी पढ़ें : एक-दो नहीं... युवक ने दोस्त पर चा**कू से कर दिए कई वा*र, दृश्य देख लोगों की निकली चीखें
मृतक की पहचान
प्रेम प्रकाश कुमार 50 वर्षीय, पुत्र संत राम निवासी गांव गुरार, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही नेरवा पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
