सोलन। हिमाचल प्रदेश में तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सोलन जिले से सामने आया है, जहां बच्चों से भरी एक निजी स्कूल की बस सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के समय बस में 51 बच्चे और स्कूल का स्टाफ सवार था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के शीशे टूट गए और अंदर बैठे बच्चों में चीख-पुकार मच गई। 

बस में सवार थे 51 बच्चे और स्कूल स्टाफ

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सोलन के तम्बू मोड़ का है। यहां पर बस सिरमौर जिले के राजगढ़ से पंचकूला लौट रही थी। इसी दौरान चक्कीमोड़ से आगे तम्बू मोड़ के पास तेज रफ्तार बस सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई। 

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का ऐलान : सरकारी अस्पतालों में सिर्फ इन परिवारों को मिलेगा 10 लाख तक का फ्री इलाज, जानें

 

पुलिस को दी शिकायत में स्कूल टीचर शिल्पा चौहान ने बताया कि वह पिछले चार साल से लीटरा हैरिटेज स्कूल कोट, पंचकूला में पीआरटी अध्यापिका के पद पर काम कर रही हैं। 14 नवंबर 2026 को स्कूल के बच्चे दो बसों में घूमने के लिए राजगढ़ आए थे। इनमें से एक बस (CH02AA2295) में 51 बच्चे सवार थे। उनके साथ स्कूल की प्रिंसिपल अमिता, चेयरमैन नरेंद्र सिंगला, कोऑर्डिनेटर मीनू और टीचर शिल्पा चौहान भी मौजूद थीं। बस को चालक साहिल चला रहा था।

तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकराई बस

शिकायत के मुताबिक, रात करीब 11:10 बजे जब बस चक्कीमोड़ से आगे तम्बू मोड़ के पास पहुंची तो चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बस चलाते हुए सड़क के बीच बने डिवाइडर में टक्कर मार दी। टक्कर ड्राइवर की तरफ से हुई, जिससे बस के दाहिनी ओर के शीशे टूट गए। हादसे के बाद बस में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

 

यह भी पढ़ें : कल से शुरू होगा हिमाचल विस का विंटर सेशन : सवालों के साथ विपक्ष तैयार, आज दिल्ली जा रहे CM...

इलाज के लिए पंचकूला पहुंचाए घायल

हादसे में घायल स्कूल की प्रिंसिपल, चेयरमैन और कोऑर्डिनेटर को निजी वाहन से इलाज के लिए पंचकूला अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, कुछ बच्चों को भी हल्की चोटें आई हैं। शिकायतकर्ता टीचर ने हादसे के लिए बस चालक की लापरवाही को जिम्मेदार बताया है।

बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज

SP सोलन साईं दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि टीचर की शिकायत के आधार पर बस चालक साहिल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगामी कार्रवाई की जा रही है।