कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में हर दिन सड़क हादसे सामने आ रहे हैं, जो लगातार चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। शायद ही कोई ऐसा दिन गुजरता हो, जब किसी न किसी जगह दुर्घटना की खबर न मिले या किसी की जान पर न बन आए। इसी बीच अब जिला कांगड़ा से एक और सड़क हादसा सामने आया है, जहां हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस और एक अल्टो कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
HRTC और अल्टो कार में हुई जोरदार टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा कांगड़ा जिले के जसवां परागपुर क्षेत्र के चामुखा रोड पर आज मंगलवार को दोपहर के समय हुआ है। जहां सवारियों से भरी हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस और एक अल्टो कार नंबर HP 36 D 3879 की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई है।
यह भी पढ़ें: आर्थिक संकट के बीच सुक्खू सरकार जुटाएगी 3 हजार करोड़ का अतिरिक्त राजस्व, जानें क्या है प्लान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह से पिचक गई। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं बस में बैठे यात्रियों में अचानक अफरा-तफरी मच गई। कई लोग अपनी सीटों से उछल गए और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
मौके पर मचा हड़कंप, छह
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को कार और बस से बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ ही देर में एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में राशन का 'महाघोटाला' बेनकाब: 2 लाख फर्जी कार्ड रद्द, गरीबों के निवाले पर रईसों का डाका!
सभी घायलों को तुरंत नादौन सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल लोगों को विशेष निगरानी में रखा गया है। गनीमत यह रही की किसी की जान नहीं गई।
कैसे हुआ हादसा ?
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार या लापरवाही इस दुर्घटना का कारण हो सकती है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: जड़ी-बूटियों की तलाश में जंगल गया शख्स नहीं लौटा- सुबह 150 फुट गहरी खाई में मिली देह
हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही असली वजह सामने आएगी। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात को बहाल करवाया। हादसे के बाद कुछ समय तक सड़क पर लंबा जाम लग गया था, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
