कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश की सर्पीली और खतरनाक सड़कों पर जरा सी लापरवाही भी जान पर भारी पड़ सकती है। ऐसा ही एक दर्दनाक सड़क हादसा जिला कांगड़ा से सामने आया है, जहां कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के थुरल महाविद्यालय के पेश आया है। यहां पर बीते कल शुक्रवार शाम पालमपुर-सुजानपुर मुख्य मार्ग पर कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि व्यक्ति गंभीर घायल हो गया।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने HC के सामने पेश किए आंकड़े, प्रदेश में 1 लाख से ज्यादा GOVT JOBS पद खाली
टांग में लगी गंभीर चोट, टांडा में तोड़ा दम
हादसे में व्यक्ति की टांग में गंभीर चोटें आई थीं। उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान रजत कुमार गांव साई भ्रांता का रहने वाला था और लोक निर्माण विभाग थुरल में मल्टी टास्क वर्कर के तौर पर काम करता था।
दूसरा युवक थुरल अस्पताल में भर्ती
इस हादसे में कपिल नाम का युवक भी घायल हुआ है। कपिल पटवाग के लिंजन गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। उसे इलाज के लिए थुरल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के बेरोजगारों को बड़ी राहत, 10वीं पास की 500 पदों पर भर्ती- जानें डिटेल
कार चालक की भी हुई पहचान
जानकारी के मुताबिक जिस कार से बाइक की टक्कर हुई, उसे अजीत कुमार शर्मा चला रहा था। अजीत कुमार शर्मा अणु चौकी, जिला हमीरपुर का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसा कैसे हुआ और इसकी वजह क्या रही, इसकी जांच कर रही है। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, रजत की मौत की खबर से उसके परिवार और गांव में मातम का माहौल है।
