कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के नूरपुर से एक बेहद दुखद और सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। नूरपुर के नागावाड़ी स्थित संजीवनी फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र से लापता हुए तीन युवकों की पंजाब में हुए एक सड़क हादसे में मौत हो गई।
चार युवकों की मौत
हादसे में उनके साथ कार चला रहे उनके दोस्त की भी जान चली गई। इस घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। वहीं नशा मुक्ति केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है।
यह भी पढ़ें-हिमाचल में तप रहे पहाड़ : चार जिलों में HEATWAVE का अलर्ट, जानें कब होगी बारिश
नशा मुक्ति केंद्र से हुए लापता
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात नशा मुक्ति केंद्र से नरेश कुमार, विनोद कुमार और राही अचानक लापता हो गए थे। बताया जा रहा है कि तीनों युवक अपने दोस्त विक्की विक्रम के साथ कार में अमृतसर की ओर जा रहे थे।
कार हादसे का हुई शिकार
इसी दौरान गुरदासपुर-अमृतसर नेशनल हाईवे पर नौशहरा मज्जा सिंह के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव : धर्म संकट में फंसा पति, वॉर्ड पंच के लिए पत्नी और सगी बहन आमने-सामने
दोस्त आया था कार लेकर
बताया जा रहा है कि विक्की विक्रम भदरोया क्षेत्र में कार्यरत था और वही अपनी कार में युवकों को लेकर पंजाब की ओर जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों राज्यों की पुलिस हरकत में आई और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया पूरी की गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल नशा मुक्ति केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों और परिजनों का कहना है कि जब केंद्र में सुरक्षा गार्ड तैनात थे, तो फिर तीनों युवक वहां से बाहर कैसे निकल गए। आखिर ऐसी कौन सी चूक हुई कि देर रात युवक केंद्र छोड़कर बाहर निकल गए और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : दो दोस्तों ने लूटी छात्रा की इज्ज.त, कंप्यूटर सेंटर में हुई थी दोस्ती- वीडियो भी बनाई
परिजनों ने जताया रोष
परिजनों ने इस मामले में गहरी नाराजगी जताई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते युवकों के बाहर जाने की सूचना दी जाती या सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होती, तो शायद आज चार जिंदगियां बच सकती थीं।
पुलिस जांच में जुटी
SP नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि नशा मुक्ति केंद्र से युवकों के लापता होने की शिकायत परिजनों द्वारा दर्ज करवाई गई थी। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी थी। अब हादसे के बाद पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। साथ ही नशा मुक्ति केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था की भी पड़ताल की जाएगी।
