कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में बुधवार को नेशनल हाईवे-503 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे रुके दो युवकों को एक तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक अपनी चपेट में ले लिया। अनुसार घटना इतनी अचानक थी कि कोई संभल भी नहीं पाया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
एक युवक की मौत दूसरा घायल
हादसा बगलामुखी मंदिर के पास सीरा दा भरो नामक स्थान पर हुआ और इसकी चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के समय कुछ समझ नहीं आया कि हुआ क्या है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : चरस सप्लाई करने निकले थे दो दोस्त, बीच रास्ते में हुए गिरफ्तार- टैक्सी भी जब्त
मैगी का ऑर्डर देते ही हादसा, खोखा भी उड़ा
दोनों युवक जालंधर से कांगड़ा जा रहे थे और रास्ते में सड़क किनारे एक खोखे पर चाय व मैगी खाने के लिए रुके थे। खोखा मालिक के मुताबिक, जैसे ही वह मैगी के लिए पानी डालने लगा, एक सरिया से लदा ट्रक अचानक तेज रफ्तार में आया और युवकों को जोरदार टक्कर मारता हुआ खोखे से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि खोखा भी ध्वस्त हो गया।
ट्रक चालक भागा, स्कूटी से पीछा कर पकड़ा
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को वहीं न रोककर करीब एक किलोमीटर आगे ले गया। खोखा मालिक ने तुरंत स्कूटी उठाई और ट्रक का पीछा करते हुए उसे पकड़ लिया। उसका आरोप है कि चालक शराब के नशे में था, जिसके चलते उसने वाहन पर नियंत्रण खो दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पहली बार डिपो में मिलेगा सेहतमंद आटा : कितने चुकाने होंगे दाम, यहां जानें
चालक ने कहा- हादसा मेरी वजह से नहीं
दूसरी ओर, ट्रक चालक कुलदीप ने अपना बचाव करते हुए दावा किया कि हादसा उसने नहीं किया। उसके मुताबिक, वह जब वहां से गुजरा, तब सड़क पर पहले से ही खून पड़ा था। ट्रक बनुड़ से सरिया लेकर गग्गल की ओर जा रहा था।
NH पर अवैध खोखे और गलत पार्किंग पर स्थानीयों का गुस्सा
स्थानीय निवासियों ने हादसे के लिए सिर्फ ट्रक चालक को नहीं, बल्कि सड़क किनारे अवैध रूप से लगे खोखे और प्रशासनिक लापरवाही को भी जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि NH किनारे बिना अनुमति दुकानें लगाने और वाहनों के खड़ा होने से लगातार बड़े हादसों का खतरा बना रहता है।
रानीताल पुलिस जांच में जुटी
108 एंबुलेंस ने गंभीर घायल युवक और ट्रक चालक को तुरंत सिविल अस्पताल देहरा पहुँचाया, जहां घायल की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। रानीताल चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है।
