कुल्लू। हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों का लुत्फ उठाने आए पर्यटकों के लिए एक डराने वाली खबर सामने आई है। मनाली के पास कुलंग क्षेत्र में शनिवार को सैलानियों से भरी एक जिप्सी अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में वाहन सवार 7 पर्यटक घायल हुए हैं जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
कैसे हुआ हादसा ?
जानकारी के अनुसार कोलकाता से आए 7 सैलानी जिप्सी में सवार होकर मनाली से सोलंगनाला की ओर जा रहे थे। जब गाड़ी कुलंग के पास पहुंची तो सड़क पर अधिक फिसलन होने के कारण टायर अचानक स्किड (फिसल) कर गए। ड्राइवर ने गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया और देखते ही देखते जिप्सी सड़क से नीचे खाई में जा लुढ़की।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पंचायतों का 'आरक्षण राज' खत्म, 2 बार के बाद सीट होगी ओपन!
स्थानीय लोग बने 'मसीहा'
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोग दौड़कर वहां पहुंचे। बिना एक पल गंवाए ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया और खाई में फंसे सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला। लोगों की इस मुस्तैदी और तत्परता की वजह से किसी की जान नहीं गई वरना यs एक बड़ा हादसा साबित हो सकता था।
पुलिस की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। DSP मनाली ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में सड़क पर फिसलन ही दुर्घटना की मुख्य वजह नजर आ रही है। फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : देवभूमि हिमाचल हरियाणा में शर्मसार, ₹50 लाख के चूरापोस्त के साथ दो हिमाचली गिरफ्तार
गौर हो कि मार्च के महीने में हिमाचल के ऊपरी इलाकों में होने वाली हल्की बारिश और बर्फबारी के कारण सड़कों पर ब्लैक आइस जम जाती है। ये परत सड़क को बेहद फिसलन भरा बना देती है जिससे वाहन अचानक नियंत्रण खो देते हैं। विशेषज्ञों की सलाह है कि पहाड़ों पर ड्राइविंग करते समय रफ्तार कम रखें और मोड़ पर अचानक ब्रेक मारने से बचें। साथ ही अनुभवी स्थानीय चालकों की मदद लेना ही सुरक्षित सफर की गारंटी है।
