शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला स्थित उपमंडल के रोहडू की कलोटी पंचायत के मस्तोट गांव में गुरुवार रात एक भीषण अग्निकांड में लकड़ी से बना दो मंजिला मकान जलकर राख हो गया। पुलिस के मुताबिक, मकान में चार कमरे, रसोईघर और बाथरूम पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गए। मकान के मालिक कलम सिंह और उनके दो बेटे किसी रिश्तेदार के घर में शरण ले रहे हैं। इस हादसे में किसी भी व्यक्ति को कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ हादसा
आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल BJP अध्यक्ष के लिए जयराम का नाम आगे- CM चेहरे पर निशाना, बदलेंगे समीकरण
लाखों रुपए का संपत्ति नुकसान
राजस्व विभाग ने इस अग्निकांड में 25 से 28 लाख रुपए तक के नुकसान का आकलन किया है। आग में पीड़ित परिवार के सोने-चांदी के आभूषण, पुश्तैनी बरतन और कपड़े जलकर राख हो गए। हालांकि, परिवार ने किसी तरह से अपनी जान बचाई और वे केवल पहने हुए कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा सके।
प्रशासन द्वारा राहत सहायता
घटना के बाद, कार्यकारी SDM रोहडू धर्मेश रमोत्रा ने बताया कि प्रशासन ने पीड़ित परिवार को 10 हजार रुपए की फौरी राहत, तिरपाल, कंबल, राशन और खाना बनाने के बरतन प्रदान किए हैं। इसके अलावा, पीड़ित परिवार के सदस्यों को अस्थायी रूप से किसी अन्य व्यक्ति के घर में रहने की व्यवस्था की गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में एक बार फिर मौसम ने बदली करवट, स्नोफॉल का अलर्ट जारी
भौलाड़ के कलेच में भीषण अग्निकांड
वहीं, दूसरी घटना जुब्बल के भौलाड़ पंचायत के कलेच गांव में शुक्रवार शाम को पेश आई, जहां शमशेर सिंह, मान सिंह और मेदर सिंह के रिहायशी मकान में आग लग गई। यह आग पहले बागीचे में देखी गई, जहां से आग की लपटें मकान की ओर बढ़ीं। स्थानीय लोग आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण मकान पूरी तरह घेर लिया।
दमकल विभाग को सूचित किया गया, लेकिन सड़क से दूर होने के कारण दमकल गाड़ी समय पर नहीं पहुंच पाई। प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुट गई है। बताया जा रहा है कि आगजनी में लाखों का नुकसान हुआ है।
