चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब 22 वर्षीय बेटे की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। सलूणी उपमंडल के हलूरी-भड़ेला मार्ग पर पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थर की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक दिनेश की जान चली गई। हादसे ने न केवल उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया, बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

दिनेश पुत्र गोविंद निवासी गांव पुन्ना काम के सिलसिले में मुंबई में रहता था। हाल ही में वह छुट्टियां लेकर अपने घर लौटा था। परिवार के लिए यह समय खुशियों से भरा था। मां के साथ समय बिताने और अपनों से मिलने की खुशी अभी पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई थी कि एक दर्दनाक हादसे ने ना सिर्फ परिवार से जवान बेटे छीन लिया बल्कि एक बहन से रक्षा बंधन के मात्र कुछ दिन पहले ही उसके भाई को भी छीन लिया।

स्कूटी पर जाते समय पहाड़ी से गिरे पत्थर

जानकारी के अनुसार, दिनेश शनिवार को किसी निजी काम के सिलसिले में एक अन्य व्यक्ति के साथ स्कूटी पर सवार होकर धूत्ता की ओर जा रहा था। दोनों जैसे ही शकलोई नाला के पास पहुंचे, तभी पहाड़ी से अचानक एक बड़ा पत्थर लुढ़कता हुआ नीचे आया और सीधे दिनेश की चपेट में आ गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: विदेश में नौकरी का ख्वाब दिखाकर दो युवकों से लूटे लाखों, एक एयरपोर्ट-दूसरा रूस से हुआ डिपोर्ट

 

पत्थर की जोरदार टक्कर से दिनेश स्कूटी से नीचे जा गिरा और नाले में जा पहुंचा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों को जैसे ही घटना का पता चला, वे तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल युवक को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल किहार पहुंचाया। लेकिन परिवार की उम्मीदें उस समय टूट गईं, जब चिकित्सकों ने जांच के बाद दिनेश को मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल पहुंचते ही छा गया मातम

दिनेश की मौत की खबर जैसे ही उसके घर और गांव तक पहुंची, वहां चीख-पुकार मच गई। जिस बेटे के छुट्टियों में घर आने से परिवार में रौनक लौटी थी, उसी बेटे की मौत की खबर ने सभी को अंदर तक झकझोर दिया।

बहन ने राखी से पहले खोया भाई

दिनेश की मां के लिए यह सदमा असहनीय है। एक मां ने अपना छोटा बेटा खो दिया, वहीं उसके बड़े भाई और बहन से उनका छोटा भाई हमेशा के लिए दूर हो गया। रक्षा बंधन से कुछ ही दिन पहले एक बहन का अपने भाई को खो देना इस परिवार के दुख को और भी गहरा कर गया है। जिस भाई की कलाई पर बहन रक्षा सूत्र बांधने की तैयारी कर रही होगी, अब उसी भाई की तस्वीर उसके सामने रह गई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : प्रोफेसर के बेटे की दर्दनाक मौ..त, दोस्त के साथ बाइक पर जा रहा था ऋतिक- रास्ते में...

मुंबई से खुशी लेकर आया था, लेकिन लौट नहीं सका

बताया जा रहा है कि दिनेश रोजगार के सिलसिले में मुंबई में रहता था और कुछ समय पहले ही छुट्टियां लेकर अपने घर आया था। परिवार के साथ बिताए जा रहे ये दिन उसके लिए बेहद खास थे। वह अपनी मां के साथ समय बिता रहा था और परिजनों के साथ खुशियां बांट रहा था।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

घटना की सूचना मिलने के बाद किहार थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डियूर भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा ने बताया कि युवक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : घर का काम छोड़ सोशल मीडिया पर बिजी रहती थी पत्नी, कोर्ट ने पति को दिलवाया तलाक

प्रशासन ने परिवार को दी फौरी राहत

हादसे के बाद प्रशासन की ओर से भी पीड़ित परिवार की मदद की गई है। तहसीलदार सलूणी अभिराय सिंह ठाकुर ने बताया कि मृतक की माता जितो को प्रशासन की ओर से 25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि नियमानुसार प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें