#अपराध

August 23, 2026

हिमाचल: विदेश में नौकरी का ख्वाब दिखाकर दो युवकों से लूटे लाखों, एक एयरपोर्ट-दूसरा रूस से हुआ डिपोर्ट

रूस में नौकरी दिलवाने के नाम पर दो युवकों से लिए थे 4ण्30 लाख रुपए

शेयर करें:

hamirpur fraud news

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में बेरोजगार युवाओं को विदेश में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर ठगी करने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। शातिर पहले युवाओं को विदेश में अच्छी नौकरी और मोटी कमाई के आकर्षक सपने दिखाते हैं, फिर वीजा, टिकट और नौकरी की प्रक्रिया के नाम पर लाखों रुपये वसूल लेते हैं। इसके बाद कई मामलों में न तो युवाओं को विदेश में रोजगार मिलता है और न ही उनकी मेहनत की कमाई वापस लौटाई जाती है।

 

ऐसा ही एक मामला हमीरपुर जिले के गलोड़ क्षेत्र से सामने आया है। यहां दो युवकों ने रूस में नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 4.30 लाख रुपये की कथित ठगी किए जाने की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उनसे रकम लेने के बाद उन्हें रूस भेजने की व्यवस्था तो की गई, लेकिन विदेश पहुंचने के बाद नौकरी तो दूर, एक युवक को दिल्ली एयरपोर्ट से ही वापस रोक दिया गया, जबकि दूसरे युवक को रूस पहुंचने के कुछ समय बाद आवश्यक दस्तावेज नहीं होने के कारण भारत लौटा दिया गया।

विदेश में नौकरी के नाम पर लूटे दो युवक

शिकायत के अनुसार हमीरपुर के अगथान गांव निवासी संदीप ठाकुर और विनय कुमार को रूस में रोजगार दिलाने का भरोसा दिया गया था। दोनों युवकों ने आरोप लगाया कि विदेश में नौकरी का झांसा देकर उनसे करीब 4 लाख 30 हजार रुपये लिए गए। बताया गया है कि यह रकम गूगल पे के माध्यम से दी गई थी। युवकों ने नौकरी और बेहतर भविष्य की उम्मीद में अपनी जमा पूंजी आरोपियों को सौंप दी। इसके बाद उन्हें रूस भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : प्रोफेसर के बेटे की दर्दनाक मौ..त, दोस्त के साथ बाइक पर जा रहा था ऋतिक- रास्ते में...

दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचते ही बदला मामला

शिकायत में युवकों ने आरोप लगाया कि 3 जून 2026 को उन्हें रूस भेजने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट ले जाया गया। लेकिन एयरपोर्ट पहुंचने के बाद घटनाक्रम अचानक बदल गया। आरोप है कि वहां मौजूद एक व्यक्ति ने दोनों युवकों से एक संदिग्ध बैग विमान में अपने साथ ले जाने को कहा। युवकों ने सुरक्षा और कानूनी जोखिम को देखते हुए बैग ले जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद कथित तौर पर विवाद की स्थिति पैदा हो गई। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक बैग ले जाने से इनकार करने के बाद संदीप ठाकुर को एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया और उसकी यात्रा रद्द कर दी गई।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : घर का काम छोड़ सोशल मीडिया पर बिजी रहती थी पत्नी, कोर्ट ने पति को दिलवाया तलाक

एक युवक रूस नहीं जा सका, दूसरे को भी वापस भेजा गया

संदीप के लिए जहां दिल्ली एयरपोर्ट पर ही परेशानी खड़ी हो गई, वहीं विनय कुमार को रूस जाने वाली फ्लाइट में बैठा दिया गया। लेकिन रूस पहुंचने के बाद वहां भी उसके सामने नई मुश्किल खड़ी हो गई। शिकायत के मुताबिक रूसी अधिकारियों ने विनय को बताया कि उसके पास रूस में प्रवेश के लिए जरूरी और वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। इसके बाद उसे उसी दिन भारत वापस भेज दिया गया। युवकों का आरोप है कि उन्हें उचित दस्तावेज और स्पष्ट रोजगार व्यवस्था के बिना ही विदेश भेजने की कोशिश की गई।

यह भी पढ़ें- मणिमहेश जाने वालों के लिए बड़ी खबर! रात को यात्रा बैन, 1000 से ज्यादा जवान संभालेंगे मोर्चा

नौकरी नहीं मिली तो पैसे वापस मांगे

रूस में नौकरी नहीं मिलने और पूरी प्रक्रिया विफल होने के बाद दोनों युवकों ने कथित तौर पर अपनी रकम वापस मांगी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पैसे लौटाने के बजाय उन्हें धमकाया गया। युवकों के अनुसार उनसे कहा गया कि वे जहां जाना चाहें चले जाएं और पुलिस में शिकायत करनी है तो कर दें। इसके बाद दोनों ने मामले की शिकायत थाना बड़सर में दर्ज करवाई।

नादौन और कांगड़ा के दो लोगों पर आरोप

शिकायत में विनोद कुमार उर्फ मनीष, निवासी नादौन क्षेत्र और ऋतिक कुमार कमोत्रा, निवासी जवाली क्षेत्र पर रकम लेने तथा रूस में रोजगार दिलाने का भरोसा देने के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- छोटे बच्चे की जिम्मेदारी... फिर भी खूब पढ़ी सारिका, 6वां स्थान हासिल कर बनी केमिस्ट्री टीचर

Google Pay से हुए लेनदेन से लेकर एयरपोर्ट तक जांच

पुलिस की जांच अब केवल रकम के लेनदेन तक सीमित नहीं है। जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि युवकों से कितनी रकम ली गई, पैसा किन खातों में गया, विदेश भेजने के लिए कौन-कौन से दस्तावेज उपलब्ध करवाए गए और रूस में नौकरी के नाम पर वास्तव में क्या व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा दिल्ली एयरपोर्ट पर युवकों से कथित रूप से संदिग्ध बैग ले जाने के लिए कहने वाले व्यक्ति की भूमिका भी जांच के दायरे में है। संदीप की टिकट रद्द होने और विनय को रूस से वापस भेजे जाने से जुड़े दस्तावेज और परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच, सच्चाई सामने आने का इंतजार

एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह के अनुसार शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस रकम के लेनदेन, विदेश भेजने की प्रक्रिया, दस्तावेजों और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवकों से ली गई रकम किस उद्देश्य से ली गई थी, रूस भेजने की प्रक्रिया में किन लोगों की भूमिका थी और कथित तौर पर संदिग्ध बैग ले जाने के लिए दबाव बनाने के पीछे क्या वजह थी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख