चंबा। हिमाचल प्रदेश में चल रही श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान एक दुखद घटना सामने आई है। मणिमहेश कैलाश की ओर जाने वाले दुर्गम पैदल मार्ग पर सुंदरासी के पास बिलासपुर जिले के एक 24 वर्षीय श्रद्धालु की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यात्रा के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
पांच साथियों के साथ यात्रा पर निकला था युवक
जानकारी के अनुसार, बीते शनिवार को बिलासपुर के झंडूता क्षेत्र के बड़गाम निवासी कमल कुमार अपने पांच अन्य साथियों के साथ मणिमहेश कैलाश के दर्शन और शिव कुंड में स्नान करने के लिए निकले थे। सभी ने मुख्य आधार शिविर हड़सर से पैदल यात्रा शुरू की थी। शुरुआत में यात्रा सामान्य रूप से चल रही थी और कमल भी अपने साथियों के साथ आगे बढ़ रहे थे।
यह भी पढ़ें- मणिमहेश यात्रा के रास्ते में 24 वर्षीय युवक की मौ**त, दोस्तों संग आया था कमल- घर लौटेगी देह
शिव घराट के पास बिगड़ने लगी तबीयत
रविवार को जब यात्रा के दौरान सभी शिव घराट के पास पहुंचे, तो अचानक कमल कुमार की तबीयत खराब होने लगी। उन्होंने साथियों को बेचैनी होने की बात बताई। कमल की हालत देखकर साथियों ने उन्हें कुछ देर रुककर आराम करने की सलाह दी और आगे नहीं जाने को कहा। हालांकि, इसके बाद भी वह आगे बढ़ते रहे और कुछ दूरी तय करने के बाद सुंदरासी पहुंच गए।
सुंदरासी में अस्थायी दुकान पर आराम करने के लिए रुके
सुंदरासी पहुंचने के बाद कमल कुमार की तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई। इसके बाद उन्होंने यात्रा मार्ग पर मौजूद एक अस्थायी दुकान में आराम करने का फैसला किया। वह दुकान में लेट गए, जबकि उनके अन्य साथी मणिमहेश कैलाश के दर्शन के लिए आगे निकल गए। उस समय किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही समय बाद यह घटना इतनी गंभीर हो जाएगी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : रावी नदी का तेज बहाव बना बाधा- नहीं मिला 6 साल का मासूम, हफ्ते से तलाश में जुटी पुलिस
शाम को दुकानदार ने उठाने की कोशिश की
शाम के समय जब दुकान के मालिक ने कमल कुमार को उठाने और उनका हालचाल जानने की कोशिश की, तो उनकी तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दुकानदार ने जब उन्हें ध्यान से देखा तो पता चला कि युवक की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी तुरंत संबंधित लोगों और पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम सुंदरासी पहुंची
सोमवार को घटना की सूचना हड़सर पुलिस चौकी और भरमौर प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही भरमौर पर्वतारोहण उप-केंद्र की रेस्क्यू टीम तुरंत सुंदरासी के लिए रवाना हुई। दुर्गम पहाड़ी रास्ते और कठिन चढ़ाई के कारण टीम को शव को नीचे लाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में कल लगेगा रोजगार मेला : 10वीं पास को मिलेगी नौकरी, जानें कब और कहां...
स्ट्रेचर की मदद से शव को भरमौर लाया गया
रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद शव को स्ट्रेचर की मदद से सुंदरासी से नीचे पहुंचाया। इसके बाद शव को भरमौर नागरिक अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। तक कमल कुमार निवासी ग्राम बड़गाम, डाकघर व तहसील झंडूता, जिला बिलासपुर का निवासी था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पता चलेगा मौत का कारण
पुलिस के अनुसार, अभी तक युवक की मौत के सही कारण का पता नहीं चल पाया है। मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- BJP विधायक सुधीर शर्मा की विजिलेंस पेशी आज- शहर में बढ़ाई गई सुरक्षा, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
दर्शन से पहले ही खत्म हो गया सफर
मणिमहेश कैलाश के दर्शन और शिव कुंड में स्नान की इच्छा लेकर घर से निकले कमल कुमार का सफर सुंदरासी में ही खत्म हो गया। वह अपने पांच साथियों के साथ धार्मिक यात्रा पर निकले थे, लेकिन अचानक तबीयत खराब होने के बाद उनकी मौत हो गई। इस घटना से उनके परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।
