बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां निर्माण कार्य के दौरान एक मजदूर अचानक ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसा इतना गंभीर था कि मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, वहीं हादसे ने निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

ऊंचे पिलर पर कर रहा था काम

जानकारी के मुताबिक, कोट कहलूर क्षेत्र में रेलवे पुल के पिलर का निर्माण कार्य चल रहा है। हादसे के समय मजदूर पिलर पर काम कर रहा था। आरोप है कि उसे काफी ऊंचाई पर बिना जरूरी सुरक्षा उपकरणों के काम करवाया जा रहा था। उसके पास न हेलमेट था और न ही सेफ्टी बेल्ट या सुरक्षा के लिए नीचे नेट लगाया गया था।

यह भी पढ़ें- तीन दिन से लापता था बेटा, कॉलोनी के पास पड़ी मिली देह- मां का रो-रोकर बुरा हाल

अचानक बिगड़ा संतुलन और नीचे गिरा मजदूर

काम करते समय अचानक मजदूर का संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचे पिलर से नीचे जमीन पर जा गिरा। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। गहरी चोटें आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान एलेक्स बिलुंग उम्र 20 साल के रूप में हुई है। वह झारखंड के सिमडेगा जिले का रहने वाला था।

सुरक्षा इंतजामों को लेकर उठे सवाल

हादसे के बाद साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों में कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी है। मजदूरों का आरोप है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे और कर्मचारियों से जोखिम भरे हालात में काम करवाया जा रहा था।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में बाप-बेटी ने रचा इतिहास- एक साथ की पढ़ाई, बेटी बनी टॉपर, पिता ने हासिल किया तीसरा स्थान

कंपनी के पांच कर्मचारियों पर मामला दर्ज

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान के अनुसार, साथी मजदूरों के बयानों के आधार पर निर्माण कंपनी के प्रबंधन और सुपरवाइजर स्तर के पांच अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और सुरक्षा में लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।