ऊना। हिमाचल प्रदेश की सड़कों पर बढ़ती लापरवाही का एक और उदाहरण ऊना जिले में सामने आया है। अंब उपमंडल में अंब.ऊना मुख्य मार्ग पर कार और स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई। कार को एक महिला चला रही थी। हादसे के बाद ब्रेक ना लगने के चलते कार सवार स्कूटी सवारों को दूर तक घसीटते हुए ले गई। जिससे स्कूटी सवार तीन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा.तफरी मच गई। पूरी घटना सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
कार की टक्कर से दूर जा गिरे स्कूटी सवार
जानकारी के अनुसार स्कूटी पर तेजस, लखबिंदर और मोनिका सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान अंब-ऊना रोड पर एक कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार सवार स्कूटी को दूर तक घसीटते हुए ले गई। जिससे तीनों सवार सड़क पर जा गिरे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : रात के अंधेरे में घर में घुसे चोर, गहनों समेत एक लाख की नकदी पर किया हाथ साफ
छह साल के बच्चे की टांग में फ्रैक्चर
हादसे में छह वर्षीय तेजस को गंभीर चोट लगी और उसकी टांग में फ्रैक्चर पाया गया। वहीं लखबिंदर और मोनिका भी सड़क पर गिरने के कारण घायल हुए। दोनों के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोटें आईं और घावों पर टांके लगाए गए। हादसे के तुरंत बाद घायलों को उपचार के लिए अंब अस्पताल ले जाया गया।
महिला चालक ने दिखाई इंसानियत
हादसे के बाद कार चला रही महिला मौके से भागने के बजाय घायलों की मदद के लिए आगे आई। महिला ने अपनी कार से तीनों घायलों को अंब अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के मंदिरों में बरसा करोड़ों का चढ़ावा, श्रद्धालुओं ने चढ़ाए 419 करोड़; बाबा बालक नाथ टॉप पर
सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा हादसा
हादसे की पूरी घटना सड़क किनारे स्थित एक व्यावसायिक संस्थान के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज सामने आने के बाद हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा। वीडियो में टक्कर के बाद स्कूटी सवारों के सड़क पर गिरने का दृश्य दिखाई देता है। हादसे की भयावहता ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें- मणिमहेश जाने वालों के लिए बड़ी खबर! रात को यात्रा बैन, 1000 से ज्यादा जवान संभालेंगे मोर्चा
आपसी समझौते के बाद पुलिस में नहीं पहुंचा मामला
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया। इसी वजह से पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई। हालांकि, घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सड़क पर यातायात नियमों और वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
