#अपराध
August 23, 2026
हिमाचल : रात के अंधेरे में घर में घुसे चोर, गहनों समेत एक लाख की नकदी पर किया हाथ साफ
सुबह उठे तो कमरे का दरवाजा खुला मिला
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। रात के अंधेरे में घर का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे और सोने-चांदी के गहने लाखों की नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए। सुबह जब परिवार को घटना का पता चला तो उनके होश उड़ गए। वारदात के बाद से इलाके में भी दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के ज्वाली पुलिस थाना के तहत ग्राम पंचायत मैरा के वार्ड नंबर-8 से सामने आया है। मकान मालिक पवन कुमार ने बताया कि उन्होंने रात करीब 11 बजे रसोई के साथ बने कमरे में ताला लगाया था और परिवार के साथ सो गए थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के मंदिरों में बरसा करोड़ों का चढ़ावा, श्रद्धालुओं ने चढ़ाए 419 करोड़; बाबा बालक नाथ टॉप पर
सुबह करीब साढ़े चार बजे जब उनकी आंख खुली तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और ताला गायब था। यह देखकर उन्होंने तुरंत परिवार के बाकी सदस्यों और अपने भाइयों को जगाया।
पवन कुमार के मुताबिक कमरे में रखी छोटी गोदरेज की अलमारी भी लॉक थी, लेकिन चोरों ने किसी चीज की मदद से ऊपर से फंसाकर उसका लॉक तोड़ दिया। इसके बाद चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने और एक लाख रुपये की नकदी ले गए।
चोरी हुए सामान में सोने की नथ, टीका, दो अंगूठियां, सोने के कांटे, चांदी की एक जोड़ी छगले, पैरियां और दोनों बेटों के कंगन शामिल हैं। चोर गहने जिस डिब्बी में रखे थे, उसे खाली करके वहीं छोड़ गए, जबकि अलमारी का ताला अपने साथ ले गए।
मकान मालिक ने बताया कि चोरी के बाद चोर घर से करीब 100 मीटर दूर रेलवे लाइन के पास पहुंचे। वहां उन्होंने 500 रुपये के नोटों का एक हार छोड़ दिया और फरार हो गए। इसके बाद परिवार को चोरी की पूरी घटना का पता चला।
पवन कुमार ने बताया कि उनके घर में इन दिनों पलस्तर का काम चल रहा है। मजदूरों, मिस्त्री और दुकानदारों को भुगतान करने के लिए उन्होंने दो दिन पहले अपने भाई मिलाप सिंह से एक लाख रुपये उधार लिए थे। उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि काम के लिए रखी यही रकम चोर चोरी कर ले जाएंगे।
घटना के बाद पवन कुमार ने ग्राम पंचायत मैरा के प्रधान रोहित कुमार को फोन कर चोरी की जानकारी दी। पंचायत प्रधान तुरंत मौके पर पहुंचे और घर का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने ज्वाली पुलिस थाना को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही ज्वाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही चोरी से जुड़े सबूत भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान करने और चोरी हुए गहने व नकदी बरामद करने की कोशिश में जुटी है।
चोरी की इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में रात के समय गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की है।