सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में रविवार को बरसात का कहर एक और परिवार पर टूट पड़ा। नाहन विधानसभा क्षेत्र की देवनी पंचायत में मारकंडा नदी पार करना एक महिला के लिए जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। नदी के बीच अचानक बढ़े तेज बहाव ने महिला का संतुलन बिगाड़ दिया और वह अपनी बहू के सामने देखते ही देखते पानी की धार में बह गई।

मृतका की पहचान

करीब ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद महिला का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर बरामद किया गया। मृतका की पहचान देवनी निवासी अनवरी पत्नी गुलजार के रूप में हुई है। हादसे की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : खड्ड में नहाने गए थे 8 और 9 वर्षीय दोस्त, दोनों डूबे- परिवार में मची चीख-पुकार

बहू का हाथ पकड़े नदी पार कर रही थी 

जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 4 बजे अनवरी अपनी बहू के साथ मारकंडा नदी पार कर रही थी। बरसात के कारण नदी का बहाव पहले ही तेज था। दोनों नदी को पार करने की कोशिश कर रही थीं और अनवरी ने सुरक्षा के लिहाज से अपनी बहू का हाथ पकड़ रखा था।

नदी की तेज धारा में छूटा हाथ

बताया जा रहा है कि नदी के बीच पहुंचते ही अचानक तेज पानी का बहाव आया। बहाव इतना तेज था कि दोनों का संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान अनवरी का हाथ बहू की पकड़ से छूट गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, महिला तेज धाराओं के साथ बह गई। बहू ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल विधानसभा में आज रोजगार को लेकर होगा हंगामा, आपस में भिड़ेंगे सता पक्ष और विपक्ष

पुलिस-फायर ब्रिगेड ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और होमगार्ड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। महिला को खोजने के लिए नदी के आसपास बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया गया।

300 मीटर दूर मिला शव

तेज बहाव और नदी के हालात के बीच रेस्क्यू टीमों ने काफी देर तक अलग-अलग हिस्सों में महिला की तलाश की। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद शाम लगभग 6:30 बजे घटनास्थल से करीब 200 से 300 मीटर आगे महिला का शव बरामद कर लिया गया।शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में चिट्टे के साथ HRTC कर्मचारी गिरफ्तार, अब सरकारी नौकरी से धोना पड़ सकता है हाथ

परिवार को 25 हजार रुपये की फौरी राहत

SDM नाहन राजीव संख्यान ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को 25 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता मंजूर की गई है। यह राशि सोमवार को परिजनों को प्रदान की जाएगी।

2 बच्चों की भी डूबने से मौत

एक तरफ रविवार को पांवटा साहिब में दो बच्चों की बरसाती नाले में डूबने से मौत हुई, वहीं देवनी में महिला की नदी में बहने से जान चली गई। एक ही दिन में हुए इन हादसों ने सिरमौर में बरसात के दौरान नदी-नालों के बढ़ते खतरे को फिर सामने ला दिया है।

यह भी पढ़ें : अप्पर भागसू में रेव पार्टी पर रेड: गांजा-चरस-चिट्टा सब बरामद, जंगल कॉलिंग का ओनर अरेस्ट

प्रशासन ने लोगों से की सावधानी की अपील

SDM ने बरसात के दौरान लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बारिश के समय नदी और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है और कुछ ही समय में बहाव खतरनाक रूप ले सकता है।

नदी-नालों के पास ना जाएं

उन्होंने लोगों से अपील की कि तेज बहाव वाले नदी-नालों को पार करने का जोखिम न लें और उफनते जलस्रोतों के आसपास जाने से भी बचें। खासकर बरसात के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी जान पर भारी पड़ सकती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें