#अपराध
August 23, 2026
अप्पर भागसू में रेव पार्टी पर रेड: गांजा-चरस-चिट्टा सब बरामद, जंगल कॉलिंग का ओनर अरेस्ट
डीआईजी सौम्या सांबशिवन के नेतृत्व में कांगड़ा पुलिस का बड़ा एक्शन
शेयर करें:

धर्मशाला/मैक्लॉडगंज। हिमाचल प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत कांगड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। डीआईजी उत्तरी रेंज सौम्या सांबशिवन (IPS) की अगुवाई में मैक्लॉडगंज थाना क्षेत्र के अपर भागसू स्थित 'जंगल कॉलिंग' कैफे में चल रही एक गुप्त 'रेव पार्टी' पर पुलिस ने देर रात अचानक दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान कैफे से भारी मात्रा में मादक पदार्थ और अवैध बीयर की केन बरामद की गई हैं। पुलिस ने मौके से कैफे मालिक सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अपर भागसू के 'जंगल कॉलिंग कैफे' में 22 और 23 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि अवैध रूप से रेव पार्टी का आयोजन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही डीआईजी उत्तरी रेंज सौम्या सांबशिवन स्वयं पुलिस टीम के साथ मैक्लॉडगंज पुलिस थाना की टीम को लेकर मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने जब कैफे में दबिश दी तो वहां नशीले पदार्थों और तेज संगीत के बीच अवैध पार्टी चल रही थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : रात के अंधेरे में घर में घुसे चोर, गहनों समेत एक लाख की नकदी पर किया हाथ साफ
पुलिस की छापेमारी के दौरान कैफे परिसर से 25.94 ग्राम चरस, 1.25 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और 5.35 ग्राम गांजा/भांग की पत्तियां बरामद की गईं। इसके अलावा नशीले पदार्थों की पैकेजिंग सामग्री और बिना आबकारी लाइसेंस के बेची जा रही 19 बीयर की केन भी जब्त की गईं। कैफे के पास शराब परोसने या बेचने का कोई वैध लाइसेंस उपलब्ध नहीं था।
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जंगल कॉलिंग कैफे के मालिक राकेश कुमार (39), निवासी अपर भागसू और विजित भट्टाचार्य (39), निवासी पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कैफे मालिक काफी समय से इस तरह की अवैध रेव पार्टियों का आयोजन कर रहा था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के मंदिरों में बरसा करोड़ों का चढ़ावा, श्रद्धालुओं ने चढ़ाए 419 करोड़; बाबा बालक नाथ टॉप पर
पुलिस जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस रेव पार्टी को बढ़ावा देने और युवाओं व पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और सीक्रेट ऑनलाइन ग्रुप्स का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने इन विज्ञापनों और चैट के डिजिटल सबूत और स्क्रीनशॉट जुटा लिए हैं, जिनकी साइबर विशेषज्ञों द्वारा गहनता से जांच की जा रही है।
"रेव पार्टियां समाज के लिए सबसे खतरनाक कल्ट हैं"
डीआईजी उत्तरी रेंज सौम्या सांबशिवन ने कहा: "रेव पार्टियां समाज के लिए सबसे खतरनाक कल्ट (सांस्कृतिक विकृति) हैं। यह एक ऐसा विनाशकारी तंत्र (इकोसिस्टम) तैयार करती हैं, जहां कला, संगीत, आध्यात्मिकता, प्रेम और मानवीय संवेदनाओं को नशे के जरिए चरम पर महसूस करने का भ्रम फैलाया जाता है। कांगड़ा पुलिस ऐसी अवैध गतिविधियों और आयोजनों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए कड़े कदम उठा रही है और ऐसे आयोजनों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।"
कांगड़ा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पर्यटन स्थल मैक्लॉडगंज और भागसूनाग क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन से एजेंट या स्थानीय लोग शामिल हैं और नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी।