#हादसा

August 24, 2026

हिमाचल : खड्ड में नहाने गए थे 8 और 9 वर्षीय दोस्त, दोनों डूबे- परिवार में मची चीख-पुकार

अंधेरे में भी जारी रहा रेस्क्यू ऑपरेशन, परिवार में मातम

शेयर करें:

Paonta Sahib Sirmaur Himachal two boys Rainwater Monsoon Rescue Operation Puruwala Police

सिरमौर। हिमाचल  प्रदेश के जिला सिरमौर स्थित पांवटा साहिब से रविवार को एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई। निहालगढ़ इलाके में बरसाती पानी से बने गहरे कुंड में डूबने से दो मासूम बच्चों की जान चली गई। दोनों बच्चे दोस्तों के साथ नहाने के लिए खड्ड में उतरे थे, लेकिन कुछ ही देर में पानी की गहराई उनके लिए जानलेवा बन गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया।

कुंड में डूबे 8 और 9 वर्षीय बच्चे

मृतकों की पहचान 9 वर्षीय जाबिर पुत्र अनवर और 8 वर्षीय सत्यम पुत्र सिकंदर के तौर पर हुई है। दोनों बच्चों की मौत की खबर से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल विधानसभा में आज रोजगार को लेकर होगा हंगामा, आपस में भिड़ेंगे सता पक्ष और विपक्ष

दोस्तों के साथ नहाने गए थे बच्चे

जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर करीब 3 बजे दोनों बच्चे अपने कुछ दोस्तों के साथ जी लेबोरेट कंपनी के पीछे से होकर गुजरने वाली बरसाती खड्ड में पहुंचे थे। इसी दौरान वे पानी में नहाने लगे। बताया जा रहा है कि खड्ड में एक जगह पानी काफी गहरा था। इसी गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण दोनों बच्चे अचानक पानी में डूब गए।

अस्पताल पहुंचाए- मगर हो गई थी देर

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों और बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। करीब 5 बजे एक बच्चे को बेसुध अवस्था में सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में चिट्टे के साथ HRTC कर्मचारी गिरफ्तार, अब सरकारी नौकरी से धोना पड़ सकता है हाथ

दूसरे बच्चे के घर नहीं लौटने पर बढ़ी चिंता

इधर, दूसरा बच्चा देर शाम तक घर नहीं पहुंचा तो परिवार वालों की चिंता बढ़ गई। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने पुरुवाला पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खड्ड में तलाश शुरू की गई।

अंधेरे में भी जारी रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

दूसरे बच्चे की तलाश के दौरान रात हो चुकी थी, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों ने अभियान बंद नहीं किया। अंधेरे के बावजूद खड्ड में तलाश जारी रखी गई। स्थानीय गोताखोर प्रदीप, शिवा, महेश, मनीष, अमित और लक्ष्य ने पानी में उतरकर बच्चे को खोजने का प्रयास किया।

यह भी पढ़ें : अप्पर भागसू में रेव पार्टी पर रेड: गांजा-चरस-चिट्टा सब बरामद, जंगल कॉलिंग का ओनर अरेस्ट

क्षेत्र में शोक की लहर

काफी मशक्कत के बाद दूसरे बच्चे का शव भी पानी से बाहर निकाल लिया गया। पुलिस और स्थानीय टीम देर रात तक रेस्क्यू अभियान में जुटी रही। दो मासूमों की मौत से निहालगढ़ क्षेत्र में शोक की लहर है। एक साथ दो परिवारों पर आए इस दुख ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। बरसात के मौसम में खड्डों और जलभराव वाले गहरे स्थानों पर नहाने या जाने को लेकर एक बार फिर सुरक्षा का सवाल सामने आया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख