शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है। ननखड़ी क्षेत्र में देर रात को गांव लौट रहे एक परिवार की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
पिता-बेटी की मौत
इस हादसे के वक्त कार में चार लोग सवार थे- जिनमें पिता, बेटी, बेटा और ड्राइवर शामिल हैं। हादसे में पिता और उसकी मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि, बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, कार चालक की हालत भी गंभीर है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : 51 ग्राम चिट्टे के लिए साढ़े पांच साल चला केस, अब मिली महिला को कठोर सजा
गहरी खाई में समाई कार
जानकारी के अनुसार, हादसा ननखड़ी-पुनन सड़क पर जंगल वाले क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि कल देर रात परिवार किसी काम से बाहर गया हुआ था और वापस अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही उनकी कार ननखड़ी चौक से आगे जंगल क्षेत्र में पहुंची- तो अचानक वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
कार के उड़े परखच्चे
हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पिता तथा बेटी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद लौहटी गांव सहित पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल नगर निकाय चुनाव : लोगों में भारी उत्साह, वोट डालने के लिए बूथ के बाहर लगी लंबी-लंबी कतारें
बाप-बेटी की मौत, बेटा घायल
मृतकों की पहचान 49 वर्षीय कुंदन लाल और उनकी 16 वर्षीय बेटी आकृति के रूप में हुई है। आकृति 11वीं कक्षा की छात्रा थी और पढ़ाई में काफी होनहार बताई जा रही थी। हादसे में कुंदन लाल का 12 वर्षीय बेटा अरब और कार चालक 55 वर्षीय सतपाल गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
चिंताजनक बनी है दोनों की हालत
दोनों को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया- जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए IGMC शिमला रेफर कर दिया गया। अस्पताल में दोनों का इलाज जारी है। दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : बढ़ती महंगाई के बीच गैस संकट, बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहे सिलेंडर- लोग परेशान
जोरदार धमाके की आवाज
स्थानीय लोगों ने बताया रात के समय अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। जब आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो नीचे खाई में कार क्षतिग्रस्त हालत में दिखाई दी। अंधेरा और दुर्गम रास्ता होने के बावजूद ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना ननखड़ी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
पूरे गांव में पसरा मातम
इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही लौहटी गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार से पिता और बेटी की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। गांव में मातम का माहौल है और लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल नगर निकाय चुनाव : लोगों में भारी उत्साह, वोट डालने के लिए बूथ के बाहर लगी लंबी-लंबी कतारें
एक साथ उठेगी बाप-बेटी की अर्थी
आकृति की मौत से उसके स्कूल में भी दुख का माहौल बताया जा रहा है। शिक्षकों और सहपाठियों के लिए यह खबर किसी सदमे से कम नहीं है। पुलिस ने हादसे के बाद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आज एक ही घर से दो अर्थियां एक साथ उठेंगी।
कैसे पेश आया हादसा?
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की वजह लापरवाही से वाहन चलाना मानी जा रही है। हालांकि पुलिस तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा तेज रफ्तार, सड़क की खराब स्थिति या किसी अन्य कारण से हुआ।
