शिमला । हिमाचल प्रदेश के राजधानी के चलौंठी में निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब टावर क्रेन से नीचे उतरते वक्त चार मजदूर गिरकर घायल हो गए। हादसा रात करीब 11 बजे हुआ जब मजदूर फ्लाईओवर के पिलर पर काम कर रहे थे। अचानक आए तेज़ तूफान और बिजली गुल होने से क्रेन पर नियंत्रण बिगड़ा और सभी मजदूर नीचे जा गिरे।
IGMC अस्पताल में चल रहा इलाज
घायलों को तुरंत IGMC अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मजदूरों की पहचान दिलखुश खान, मोहम्मद कलीम खान, मोहम्मद रिजवान और मोहम्मद छोटे के रूप में हुई है, जो सभी बिहार के बेगूसराय जिले से ताल्लुक रखते हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में थमा वेतन और भत्तों का पहिया, केंद्र ने घटाया फंड- कटौती की चपेट में मनरेगा कर्मी
मजदूरों ने ठेकेदार पर लगाए गंभीर आरोप
घायल मजदूरों ने ढली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि टावर क्रेन में एमरजेंसी लैंडिंग की सुविधा होने के बावजूद उसका इस्तेमाल नहीं किया गया। उन्होंने गवार कंस्ट्रक्शन लिमिटेड के क्रेन चालक, ठेकेदार और कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने मजदूरों के बयान दर्ज करने के बाद कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और अब मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें : प्रतिभा सिंह की कुर्सी को खतरा? दिल्ली में आज बड़ी बैठक- किसे मिलेगी सरदारी, यहां जानें
कौन जिम्मेदार?
स्थानीय प्रशासन और पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या सेफ्टी प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं। इस हादसे ने फ्लाईओवर निर्माण कार्य में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
