#राजनीति
April 19, 2025
प्रतिभा सिंह की कुर्सी को खतरा? दिल्ली में आज बड़ी बैठक- किसे मिलेगी सरदारी, यहां जानें
ऊना में हुई 'गुप्त' बैठक ने बढ़ाया सस्पेंस
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पुनर्गठन को लेकर सियासी हलचल तेज़ हो गई है। मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह का कार्यकाल इस माह समाप्त हो रहा है, ऐसे में कांग्रेस आलाकमान की तरफ सबकी निगाहें टिक गई हैं।
बताया जा रहा है कि प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल 23 अप्रैल को शिमला दौरे पर आ सकती हैं। इससे पहले आज को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यों के महासचिवों और प्रभारियों की बैठक बुलाई है जिसमें हिमाचल का मुद्दा भी शामिल रहेगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल आ रहे JP नड्डा- आज इस जिला का करेंगे दौरा, गुटबाजी में फंसी BJP को देंगे दिशा
सूत्रों के अनुसार, रजनी पाटिल ने अपनी सूची तैयार कर ली है, जिसमें जिला अध्यक्षों से लेकर प्रदेशाध्यक्ष तक के नाम शामिल हैं। इस सूची को दिल्ली में आलाकमान के सामने रखा जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि हिमाचल में कांग्रेस संगठन के पुनर्गठन को हरी झंडी जल्द मिल सकती है।
हाल ही में अहमदाबाद अधिवेशन में कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया कि जिला अध्यक्ष अब पहले की तरह नाम मात्र नहीं रहेंगे, बल्कि उन्हें टिकट आबंटन में भी अहम भूमिका दी जाएगी। इससे ग्रासरूट कांग्रेस को ताकत मिलेगी और संगठनात्मक ढांचा मजबूत होगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: अब BPL में नहीं जुड़ेंगे नए परिवार, केंद्र ने फंसाया यह पेंच- अप्लाई किया तो मिलेगी सजा
हालांकि कुछ सूत्रों का कहना है कि प्रतिभा सिंह को एक साल का और समय मिल सकता है, लेकिन कांग्रेस के ही एक धड़े ने नए चेहरों के नाम प्रस्तावित किए हैं। इसमें विधायक संजय अवस्थी, सुरेश कुमार, और पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह का नाम सामने आ रहा है। कहा जा रहा है कि अनिरुद्ध सिंह को मंत्री पद से हटाकर प्रदेशाध्यक्ष बनाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में थमा वेतन और भत्तों का पहिया, केंद्र ने घटाया फंड- कटौती की चपेट में मनरेगा कर्मी
अनिरुद्ध सिंह की डिप्टी सीएम मुकेश अग्रिहोत्री के साथ ऊना में प्राइवेट होटल में हुई मुलाकात को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। दोनों ने इसे निजी मुलाकात बताया, लेकिन समय और तरीका सियासी अटकलों को जन्म दे गया है।
इससे पहले सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम अग्रिहोत्री और प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने दिल्ली में प्रभारी रजनी पाटिल से मुलाकात की थी। इन बैठकों में जिला अध्यक्षों की संभावित सूची और संगठनात्मक ढांचे पर चर्चा हुई।