शिमला/चंडीगढ़। हिमाचल प्रदेश के पड़ोसी राज्य पंजाब-हरियाणा सीमा से सटे जीरकपुर में आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। छत लाइट चौक के पास मनाली से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस ट्रक की टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

हाईवे पर बड़ा हादसा

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे के वक्त बस सवारियों से भरी हुई थी- जिसमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे।

यह भी पढ़ें- हिमाचल नगर निकाय चुनाव : आज 3 बजे के बाद थमेगा प्रचार का शोर; 48 घंटे तक ठेके-BAR बंद

ट्रक ने मारी बस को टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया बस जैसे ही छत लाइट चौक के नजदीक पहुंची, उसी दौरान जीरकपुर से पटियाला की तरफ जा रहे एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। जोरदार भिड़ंत के बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस सड़क के बीचों-बीच पलट गई।

 

चीखों से दहला इलाका

अचानक हुए हादसे से बस में बैठे यात्री सीटों से उछलकर इधर-उधर जा गिरे। कई लोग बस के अंदर ही फंस गए और मदद के लिए चिल्लाने लगे। पूरा इलाका लोगों की चीखों से दहल उठा।

यह भी पढ़ें- हिमाचल का परिवार बना मिसाल : बेटी हुई है....मनाया खूब जश्न, पूरे इलाके में बांटी मिठाइयां

22 यात्री हुए घायल

इस दुर्घटना में करीब 20 से 22 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि अन्य कई लोगों को भी चोटें आई हैं। हादसे का सबसे दर्दनाक दृश्य उस समय सामने आया जब एक युवक बस के नीचे दब गया। बताया जा रहा है कि उसकी बाजू बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

 

कई घायल चंडीगढ़ अस्पताल रेफर

हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए। सड़क सुरक्षा टीम के कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत कर बाहर निकाल कर डेराबस्सी सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार गेने के बाद कई घायलों को चंडीगढ़ रेफर कर दिया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के युवक की हरियाणा में मौ*त : बोलेरों में था दो दोस्तों के साथ, रास्ते में हुआ...

हाईवे पर लगा जाम

दुर्घटना के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क के बीच पलटी बस के चलते करीब दो घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया। बाद में हाइड्रा मशीन की सहायता से बस को सीधा कर सड़क किनारे हटाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो पाया।

 

जांच में जुटी पुलिस

प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसे में बस के अलावा दो ट्रकों को भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें