चंबा। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा स्थित दूरदराज क्षेत्र भरमौर से बेहद ही दुखद खबर सामने आई है, जिसने पूरे गांव को सन्न कर दिया है। यहां घर की छत पर खेलते-खेलते मासूम की हंसी पल भर में मातम में बदल गई। किसी को अंदाज़ा नहीं था कि रोज़मर्रा का खेल एक परिवार से उसका सबसे कीमती सहारा छीन लेगा।
छत पर खेलते समय हुआ हादसा
यह दर्दनाक घटना भरमौर उपमंडल की घरेड़ पंचायत के खौलेड़ गांव की है। जानकारी के अनुसार सात वर्षीय पुलकित कुमार पुत्र पंकज कुमार अपने घर की छत पर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर गया। गिरते ही वह बुरी तरह घायल हो गया।
यह भी पढ़ें : IGMC मामला: एक नहीं.. दो डॉक्टरों पर दर्ज हुई FIR, CM सुक्खू ने कल तक मांगी जांच रिपोर्ट
रोने की आवाज सुनकर दौड़ा परिवार
पुलकित के गिरते ही उसकी चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बच्चे की हालत गंभीर देख तुरंत उसे भरमौर अस्पताल ले जाया गया। परिजनों को उम्मीद थी कि शायद समय रहते इलाज मिल जाए और उनकी आंखों का तारा बच जाए।
चंबा मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम
भरमौर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद पुलकित को मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
यह भी पढ़ें : IGMC विवाद: अपने सहयोगी के समर्थन में उतरे रेजिडेंट डॉक्टर, बोले- मरीज ने की थी बदसलूकी
गांव में पसरा मातम
घरेड़ पंचायत के प्रधान मिलाप चौहान ने बच्चे के निधन पर गहरा शोक जताया। उन्होंने कहा कि यह पूरे गांव के लिए बेहद दुखद क्षण है। मासूम पुलकित की असमय मौत से खौलेड़ गांव में मातम का माहौल है और हर आंख नम है।
अस्पताल प्रशासन ने की पुष्टि
खंड चिकित्सा अधिकारी भरमौर डॉ. दिवेश वरयाल ने बताया कि बच्चे को भरमौर अस्पताल से चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। प्रशासन की ओर से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
