कुल्लू। हिमाचल प्रदेश की घुमावदार और पहाड़ी सड़कें जरा सी चूक को भी बड़े हादसे में बदल देती हैं। यहां सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही कई बार जिंदगी पर भारी पड़ जाती है और देखते ही देखते किसी परिवार की खुशियां मातम में बदल जाती हैं। कुल्लू जिला के निरमंड उपमंडल में शनिवार देर रात हुआ सड़क हादसा भी कुछ ऐसी ही दर्दनाक कहानी बयां कर रहा है। बागीपुल के पास शलूरी नाले में एक ऑल्टो कार करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय शायद मृतक का परिवार घर पर उसके लौटने का इंतजार कर रहा था। लेकिन रात बीतने के साथ घर में आने वाली खुशियों की जगह हादसे की खबर पहुंच गई। हादसे की सूचना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: आधी रात कमरे में घुसा शख्स, विवाहिता से की नीचता; जाते-जाते लाखों के गहने भी ले गया

रात के अंधेरे में खाई में जा गिरी कार

जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात ऑल्टो कार बागीपुल क्षेत्र में शलूरी नाले के समीप अचानक अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते कार सड़क से नीचे करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार दोनों लोग खाई में जा गिरे। रात का समय होने के कारण राहत एवं बचाव अभियान भी चुनौतीपूर्ण रहा। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: 18 वर्षीय युवक के पास मिली चिट्टे की बड़ी खेप, हरियाणा रोडवेज की बस में ला रहा था नशा

डेढ़ बजे तक चला रेस्क्यू

हादसे की सूचना मिलते ही निरमंड पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस कर्मियों ने अंधेरे और दुर्गम परिस्थितियों के बीच राहत-बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब डेढ़ बजे दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला जा सका। इसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। एक घायल को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल ले जाया गया, जबकि दूसरे को पुलिस वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन अस्पताल में उपचार के दौरान एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : थाने के पास कांड- पहले चोरों ने लूटी दुकान, फिर शटर पर अपना ताला जड़ हुए फरार

मोटर मैकेनिक था अमृतपाल

हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान अमृतपाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मोटर मैकेनिक का काम करता था। परिवार के लिए यह हादसा किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। एक ओर जहां घरवाले उसके सुरक्षित लौटने की उम्मीद लगाए बैठे थे, वहीं दूसरी ओर रात में आई हादसे की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। एक सड़क हादसा पलभर में परिवार की जिंदगी बदल गया।

यह भी पढ़ें- शिव भक्तों को बड़ा झटका- महंगी होगी मणिमहेश यात्रा, ढीली करनी पड़ेगी जेब

पहाड़ी सड़क पर आखिर कैसे हुआ हादसा?

हादसा किस वजह से हुआ, इसका अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। 
प्राथमिक तौर पर कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है, लेकिन वाहन किस वजह से नियंत्रण से बाहर हुआ, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें