बैजनाथ (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में तेज रफ्तार, लापरवाही और खराब मौसम के बीच वाहन चालकों के नियंत्रण खोने से सड़क हादसों का सिलसिला लगातार चिंता बढ़ा रहा है। कई बार ये हादसे हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ देते हैं, तो कई बार लोग गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल पहुंच जाते हैं। ऐसा ही एक भयानक हादसा कांगड़ा जिला के बैजनाथ क्षेत्र में सामने आया, जहां मूसलाधार बारिश के बीच रात के समय ईंटों से भरा एक कैंटर बिनवा पुल की रेलिंग तोड़ता हुआ नीचे खड्ड में जा गिरा। हादसे के बाद पुल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
बारिश के बीच अचानक बिगड़ा वाहन का संतुलन
जानकारी के अनुसार रात के समय तेज बारिश हो रही थी और इसी दौरान ईंटों से लदा कैंटर बिनवा पुल से गुजर रहा था। बारिश के बीच किसी कारणवश वाहन चालक कैंटर पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वाहन पुल की रेलिंग से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुल की रेलिंग टूट गई और कैंटर पुल से नीचे खड्ड में जा गिरा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल जेल में बंद था पंजाबी, मिलने पहुंचे पिता ने थमाई ‘सफेद पुड़िया’; CCTV में पकड़ा गया
पुल की रेलिंग टूटी, नीचे खड्ड में जा गिरा कैंटर
कैंटर के खड्ड में गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। अंधेरे और बारिश के बीच हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे के बाद पुल की रेलिंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे यहां से गुजरने वाले अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
कैंटर में हनुमान जी की तस्वीर सुरक्षित] लोगों में चर्चा
हादसे के बाद घटनास्थल पर कैंटर से हनुमान जी की एक तस्वीर भी मिली। बताया जा रहा है कि हादसा इतना जोरदार था कि वाहन पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरा, लेकिन तस्वीर सुरक्षित मिली। तस्वीर के सुरक्षित रहने की बात मौके पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। स्थानीय लोग इसे अपनी-अपनी आस्था और विश्वास से जोड़कर देख रहे हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल के लिए अगले 48 घंटे भारी : पांच जिलों में तेज बारिश का अलर्ट, मंडरा रहा खतरा
अस्पताल पहुंचा एक व्यक्ति, उपचार से किया इनकार
बैजनाथ अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में एक व्यक्ति मामूली चोटों के साथ अस्पताल पहुंचा था। हालांकि उसने उपचार नहीं करवाया। राहत की बात यह रही कि हादसा बेहद खतरनाक होने के बावजूद किसी बड़े जानी नुकसान की सूचना नहीं है।
पुलिस खंगाल रही हादसे की पूरी वजह
थाना प्रभारी यादेश ठाकुर ने बताया कि पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और वाहन अनियंत्रित होने की वास्तविक वजह क्या रही, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। जांच के बाद ही हादसे के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल: ज्योतिष के कहने पर सरकारी टीचर ने बदली जन्मतिथि- कोर्ट ने लगाई फटकार
टूटी रेलिंग बनी खतरे की घंटी
हादसे के बाद बिनवा पुल की क्षतिग्रस्त रेलिंग को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि पुल पर सुरक्षा व्यवस्था को जल्द बहाल किया जाना जरूरी है, क्योंकि रेलिंग टूटने के बाद यहां किसी दूसरे वाहन के साथ भी बड़ा हादसा हो सकता है। खासकर रात और बारिश के दौरान यह स्थान और अधिक जोखिम भरा हो सकता है।
