चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 24 साल की युवती के साथ दर्दनाक हादसा पेश आया। जिससे युवती गंभीर रूप से घायल हो गई और आज वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। घटना चंबा जिला के भटियात उपमंडल की कुड्डी पंचायत के देलग गांव में शुक्रवार सुबह की है।
युवती पर भालू ने किया हमला
दरअसल यहां एक 24 साल की लड़की अपने पशुओं को लेकर घर के पास ही खेतों में गई थी। इसी बीच अचानक से झाड़ियों में घात लगाए बैठे भालू ने हमला कर दिया। भालु के इस हमले से युवती बुरी तरह से घायल हो गई। घायल युवती की पहचान 24 वर्षीय आरती देवी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार आरती सुबह की सामान्य दिनचर्या के तहत अपने घर के नजदीकी खेतों में गई थी। तभी झाड़ियों से निकले भालू ने उस पर झपट्टा मार दिया। हमले में उसके चेहरे और शरीर पर गहरे घाव हो गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: शादी से खुश नहीं थी क्या 25 साल की नवविवाहिता ? खत्म कर लिया अपना जीवन
चीख पुकार सुन दौड़े परिजन
आरती की चीख.पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिवारजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को लहूलुहान हालत में तत्काल चुवाड़ी नागरिक अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत देखते हुए उसे डॉ राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा रेफर कर दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: महिला के आरोप पर बोले SDM, रोजाना करती थी फोन.. घर तक पहुंच गई थी..
वन विभाग ने राहत राशि
कुड्डी पंचायत की प्रधान किरण बाला ने बताया कि वन विभाग की ओर से पीड़िता के परिवार को शुरुआती राहत स्वरूप दस हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है। विभाग ने आगे भी हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया है। स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र में वन्यजीवों की लगातार आवाजाही और हमलों को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि खेतों और घरों के आसपास भालू व अन्य जंगली जानवरों की मौजूदगी बढ़ने से दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से वन्यजीवों पर नियंत्रण व सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत करने की मांग की है।
