चंबा: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बाद दरकते पहाड़ अब लोगों के लिए लगातार जानलेवा साबित हो रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क पर सफर कर रहे लोगों को कब ऊपर से गिरता मलबा और पत्थर अपनी चपेट में ले ले, इसका कोई भरोसा नहीं। चंबा जिले से अब एक ऐसा ही दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां पहाड़ी से अचानक गिरे भारी-भरकम पत्थर ने एक परिवार से उसका जवान बेटा छीन लिया।

 

सलूणी उपमंडल के चकोली-कंधवारा भड़ेला मुख्य मार्ग पर शकलोई नाला के समीप हुए इस हादसे में 22 वर्षीय दिनेश कुमार पुत्र गोविंद निवासी गांव पुन्ना की मौके पर ही मौत हो गई। दिनेश स्कूटी पर सवार होकर अपने साथी के साथ कहीं जा रहा था, लेकिन रास्ते में अचानक पहाड़ से गिरे पत्थर ने उसे संभलने तक का मौका नहीं दिया।

कुछ ही पल में बन गया जिंदगी का आखिरी सफर

जानकारी के अनुसार दिनेश कुमार शनिवार दोपहर बाद अपने एक साथी के साथ स्कूटी पर सवार होकर चकोली-कंधवारा मार्ग से गुजर रहा था। दोनों शकलोई नाला के पास पहुंचे ही थे कि अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे। देखते ही देखते ऊपर से बड़े-बड़े पत्थर और चट्टानी मलबा सड़क की ओर आने लगा। अचानक हुए इस भूस्खलन से दिनेश कुछ समझ पाता, उससे पहले ही एक भारी पत्थर सीधे उसके ऊपर आ गिरा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: दरके पहाड़ ने छीन लिया परिवार का जवान बेटा, सड़क से गुजरते युवक पर गिरे पत्थर-मलबा

 

पत्थर की जोरदार चोट से दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि युवक को बचने तक का मौका नहीं मिला।

पीछे बैठा साथी बाल-बाल बचा

हादसे के समय स्कूटी पर दिनेश के साथ उसका एक अन्य साथी भी मौजूद था। गनीमत रही कि वह भारी पत्थर और मलबे की सीधी चपेट में आने से बच गया। इस हादसे में उसकी जान बाल-बाल बची और वह सुरक्षित बताया जा रहा है। एक पल में सामने साथी की मौत का मंजर देखकर वह भी सदमे में आ गया। सड़क से गुजर रहे अन्य लोगों ने हादसा देखा तो मौके पर रुककर पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना दी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: पुलिस की आंखों के सामने शराब से भरी गाड़ी लेकर फरार हुआ शख्स, देखती रह गई खाकी

एक पत्थर ने उजाड़ दिया पूरा परिवार

दिनेश की मौत की खबर जैसे ही उसके गांव पुन्ना पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया। परिवार को शायद अंदाजा भी नहीं था कि घर से निकला उनका 22 वर्षीय बेटा दोबारा वापस नहीं लौटेगा। जिस उम्र में युवक अपने परिवार के सपनों को पूरा करने और भविष्य बनाने की ओर बढ़ता है, उसी उम्र में दिनेश की जिंदगी एक अचानक हुए भूस्खलन ने खत्म कर दी। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटना किन परिस्थितियों में हुई और हादसे के समय सड़क की स्थिति कैसी थी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: गर्भवती प्रेमिका को जूस में पिलाया ज*ह*र, खड्ड में दफन की देह; अब पूरी उम्र जेल में कटेगी

प्रशासन ने पटवारी को भेजकर मांगी रिपोर्ट

हादसे का प्रशासन ने भी संज्ञान लिया है। उपमंडल प्रशासन की ओर से संबंधित पटवारी को घटनास्थल का मौका निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने हादसे में हुए नुकसान और घटना की वास्तविक स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने को कहा है, ताकि नियमों के तहत पीड़ित परिवार को राहत उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

बारिश के बाद पहाड़ों का खौफ

हिमाचल प्रदेश में मानसून के दौरान भारी बारिश के बाद पहाड़ों के दरकने और अचानक पत्थर गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सड़कें लोगों को जोड़ती हैं, लेकिन बारिश के मौसम में इन्हीं पहाड़ी रास्तों पर सफर जान जोखिम में डालने जैसा हो जाता है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पैदल नशा सप्लाई करने निकला था 21 साल का युवक, ढेर सारे अफीम संग धरा

 

चंबा का यह हादसा एक बार फिर चेतावनी देता है कि पहाड़ी सड़कों पर सफर के दौरान केवल सड़क ही नहीं, बल्कि ऊपर खड़े पहाड़ पर भी नजर रखना जरूरी है। दिनेश घर से निकला था, लेकिन दरकते पहाड़ ने रास्ते में ही परिवार से उसका जवान बेटा छीन लिया।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें